टीम इंडिया के पूर्व विकेटकीपर की NPL में एंट्री, काठमांडू गोरखाज़ ने किया साइन
Sports News: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज केएस भरत अब नेपाल प्रीमियर लीग (NPL) के आगामी सीजन में खेलते नजर आएंगे।
काठमांडू गोरखाज ने टूर्नामेंट के तीसरे सीजन के लिए भरत को टीम में शामिल किया है। वह आगामी सीजन के लिए फ्रेंचाइजी द्वारा साइन किए गए पहले विदेशी खिलाड़ी हैं।
केएस भरत ने इसी साल जून में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था। अब उन्होंने फ्रेंचाइजी क्रिकेट में नया सफर शुरू करने का फैसला किया है।
काठमांडू गोरखाज को उम्मीद है कि भरत के अनुभव से टीम को बल्लेबाजी के साथ-साथ विकेटकीपिंग में भी मजबूती मिलेगी।
फ्रेंचाइजी ने भरत को टीम में शामिल करने की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए दी।
टीम ने उन्हें भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेल चुके अनुभवी विकेटकीपर के तौर पर पेश करते हुए कहा कि वह अपने साथ अनुभव और भरोसा लेकर आएंगे।

भारत के लिए खेले 7 टेस्ट
केएस भरत ने भारत के लिए 7 टेस्ट मैच खेले, जिसमें उन्होंने 20.09 की औसत से 221 रन बनाए। उनका आखिरी टेस्ट फरवरी 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ विशाखापत्तनम में हुआ था।
इसके बाद टीम में विकेटकीपर बल्लेबाजों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा के कारण उन्हें दोबारा मौका नहीं मिला।
भरत का घरेलू क्रिकेट करियर शानदार रहा है। उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 6 हजार से ज्यादा रन बनाए हैं।
आईपीएल में भी वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा रह चुके हैं। आईपीएल में उन्होंने 10 मुकाबलों में 28.42 की औसत से 199 रन बनाए हैं।
अब 32 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद केएस भरत नेपाल प्रीमियर लीग में अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए नई पारी शुरू करेंगे।

