गाजा में युद्धविराम के ऐलान के बीच इजरायली हमले, 2 बच्चों समेत 8 फिलिस्तीनियों की मौत
Israel Palestine Conflict: गाजा पट्टी में युद्धविराम (Ceasefire) योजना के अगले चरण को लागू करने पर शुक्रवार को सहमति बनने की घोषणा हुई थी। इसके बावजूद रविवार तड़के गाजा के अलग-अलग इलाकों में इजरायली हवाई हमलों और गोलाबारी की घटनाएं सामने आईं।
इन हमलों में 2 बच्चों समेत कम से कम 8 फिलिस्तीनियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए गए हैं।
दक्षिणी गाजा के खान यूनिस स्थित नासिर अस्पताल के चिकित्सा सूत्रों के मुताबिक, अल-करारा इलाके में एक अपार्टमेंट को निशाना बनाकर किए गए हवाई हमले में एक दंपति और उनकी छोटी बेटी की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 38 वर्षीय महमूद जकी अल-हम्स, उनकी 37 वर्षीय पत्नी फातिमा अल-हम्स और उनकी बेटी के रूप में हुई है। हमले में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, खान यूनिस के दार अल-सलाम इलाके में भी इजरायली तोपखाने से गोलाबारी हुई, हालांकि वहां तत्काल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली।
अलग-अलग इलाकों में भी हुए हमले
मध्य गाजा (Middle Gaza) के दीर अल-बलह के पश्चिम स्थित अल-मशाला इलाके में एक मकान पर इजरायली हेलीकॉप्टर से हमला किया गया। इसमें 68 वर्षीय कमाल अबू मुआइलिक और उनकी 59 वर्षीय पत्नी हुदा की मौत हो गई।
वहीं, गाजा शहर में बंदरगाह के पास अल-सूसी टावर स्थित एक अपार्टमेंट पर हुए हमले में 33 वर्षीय अब्दुल्ला अबू तैफ, उनकी 29 वर्षीय पत्नी अबीर अनान और उनके पांच वर्षीय बेटे अज्जाम की मौत हो गई। अल-शिफा अस्पताल के चिकित्सा सूत्रों ने इन मौतों की पुष्टि की है।
पश्चिमी गाजा (West Gaza) शहर के अल-नस्र इलाके में फिलिस्तीन मस्जिद के पास एक अन्य अपार्टमेंट पर भी हमला हुआ, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। इसके अलावा अल-तुफ्फाह इलाके के पूर्वी हिस्से में इजरायली सैन्य वाहनों की ओर से गोलीबारी की सूचना मिली, लेकिन इसमें किसी के हताहत होने की तत्काल जानकारी नहीं है।
Also Read: अस्पताल ले गए, जांच कराई और फिर जेल भेज दिय… इमरान खान को लेकर पाकिस्तान में बढ़ा सस्पेंस

