यूपी में चीनी संकट की खबरों पर CM योगी का दावा, 28 लाख टन स्टॉक मौजूद

CM Yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में चीनी की कमी की खबरों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि यूपी में फिलहाल 28 लाख टन चीनी का स्टॉक मौजूद है। यह करीब सात महीने की जरूरत के लिए पर्याप्त है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रदेश में हर महीने करीब 4 लाख टन चीनी की खपत होती है।

मंगलवार को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अपनी जरूरत पूरी करने के साथ ही दूसरे राज्यों को भी चीनी उपलब्ध कराने की क्षमता रखता है। उन्होंने बताया कि अक्टूबर में चीनी मिलों का नया पेराई सत्र शुरू होने पर करीब 90 लाख टन अतिरिक्त चीनी का उत्पादन होने की उम्मीद है।

छह महीने में एक लाख युवाओं को नौकरी

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग के 3446 प्राविधिक सहायकों (ग्रुप-सी) और मंडी परिषद के 126 नवनियुक्त मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र दिए। उन्होंने कहा कि अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। अलग-अलग चरणों में हर सप्ताह नियुक्ति पत्र देने की प्रक्रिया जारी रहेगी।

सीएम ने दावा किया कि उनकी सरकार में अब तक 9 लाख 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि भर्तियों में पारदर्शिता रखी गई है।

नकल माफिया पर कार्रवाई का दावा

योगी ने पिछली सरकारों पर भर्ती में भ्रष्टाचार और देरी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले भर्ती प्रक्रिया में युवाओं को परेशानी होती थी और कई मामलों में अदालत को हस्तक्षेप करना पड़ता था। उनकी सरकार ने नकल माफिया और अन्य अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि युवाओं को योग्यता के आधार पर निष्पक्ष रोजगार देना सरकार की प्राथमिकता है।

Also Read: सीएम योगी ने बांटे 3,572 नियुक्ति पत्र, अगले 6 महीनों में 1 लाख सरकारी नौकरियां देने का किया ऐलान 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.