महंगाई पर सपा का अनोखा प्रदर्शन, सड़क पर राहगीरों को बांटी मुफ्त चीनी, E20 पर भी घेरा

Lucknow News: लखनऊ में चीनी के बढ़ते दाम को लेकर समाजवादी पार्टी (SP) कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को अनोखे अंदाज में विरोध जताया। लोक भवन के सामने बापू भवन चौराहे पर प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ताओं ने राहगीरों को रोक-रोककर मुफ्त चीनी (Free Sugar) बांटी।

सपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि त्योहारों का सीजन शुरू हो रहा है और ऐसे समय में जरूरी खाद्य पदार्थों की कीमत बढ़ने से आम लोगों की परेशानी बढ़ रही है। कार्यकर्ताओं ने सरकार से चीनी की बढ़ती कीमतों (Sugar Price Hike) पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

E20 नीति को लेकर सरकार पर निशाना

प्रदर्शन कर रहे सपा नेता राम प्रसाद मौर्य ने आरोप लगाया कि सरकार की E20 नीति (Ethanol Policy) के चलते गन्ने का इस्तेमाल एथेनॉल उत्पादन में बढ़ रहा है। उनका दावा है कि इसका असर चीनी की उपलब्धता और बाजार कीमतों पर पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन साल में एक बार आता है, लेकिन महंगाई लगातार बढ़ रही है। सपा नेताओं ने बीजेपी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष में रहते हुए भाजपा छोटे-छोटे मुद्दों पर प्रदर्शन करती थी, लेकिन अब महंगाई के मुद्दे पर उसके नेता चुप हैं।

‘चीनी 70-75 रुपये किलो, ऐसे ही रहा तो 150 तक पहुंचेगी’

प्रदर्शन में शामिल अब्दुल अजीम ने कहा कि सरकार भले ही चीनी की कमी नहीं होने की बात कर रही हो, लेकिन बाजार में इसकी कीमत 70 से 75 रुपये किलो (Sugar Rate) तक पहुंच गई है। उन्होंने दावा किया कि अगर कीमतों पर रोक नहीं लगी तो दिवाली तक चीनी 150 रुपये किलो तक पहुंच सकती है।

सपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि राहगीरों को मुफ्त चीनी बांटने का उद्देश्य सरकार का ध्यान बढ़ती महंगाई (Inflation) की ओर खींचना और त्योहारों से पहले आम जनता को राहत देने की मांग करना है।

Also Read: लाइब्रेरियन भर्ती की मांग पर युवाओं ने किया डिप्टी सीएम आवास का घेराव, ब्रजेश पाठक ने दिया समाधान का भरोसा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.