खान सर पर महिला ने लगाए गंभीर आरोप, जान का खतरा बताते हुए लगाई सुरक्षा की गुहार
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की राजधानी पटना में मशहूर कोचिंग संचालक फैजल खान उर्फ खान सर के खिलाफ एक महिला ने गंभीर आरोप लगाकर सनसनी फैला दी है। उत्तर प्रदेश की रहने वाली हुस्नारा खातून नामक महिला ने दावा किया है कि उसे खान सर से अपनी जान का खतरा है। इसी आशंका के चलते उसने पुलिस में आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस ने महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका बयान दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं दूसरी तरफ, खान सर की संस्थान खान ग्लोबल स्टडीज से जुड़े लोगों ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उनका कहना है कि 8-9 साल बाद इस तरह की शिकायत दर्ज कराना एक गहरी साजिश का हिस्सा है, जबकि खान सर और उस महिला के बीच लंबे समय से कोई बातचीत ही नहीं हुई है।
रूम पार्टनर के साथ करीबी संबंधों पर आपत्ति
हुस्नारा खातून ने अपने दावों में बताया कि यह मामला साल 2017 का है। उस वक्त उसकी रूम पार्टनर के साथ खान सर के करीबी संबंध थे और वे लगभग छह महीनों तक लगातार उनके कमरे पर आया-जाया करते थे। हुस्नारा का आरोप है कि खान सर और उसकी रूम पार्टनर अक्सर कमरे के अंदर रहते थे और दरवाजा बंद रहता था, जिसकी वजह से उसे कई-कई घंटे बाहर बैठकर इंतजार करना पड़ता था। जब उसने इस स्थिति पर अपनी कड़ी आपत्ति दर्ज कराई, तो दोनों पक्षों के बीच करीब दो महीने तक विवाद और झगड़े का माहौल बना रहा। स्थिति बिगड़ने पर यह मामला थाने तक भी पहुंच गया था।
पटना: उत्तर प्रदेश की रहने वाली एक युवती ने पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खान ग्लोबल स्टडीज के डायरेक्टर फैजल खान उर्फ #खान_सर पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही युवती ने खान सर से जान का खतरा बताते हुए पीरबहोर थाने में आवेदन भी दिया है।#NBTBIhar #Patna #KhanSir pic.twitter.com/dqGS1FXPOZ
— NBT Bihar (@NBTBihar) August 25, 2026
रिश्तेदारों के जरिए माफी और जानकारी जुटाने का आरोप
महिला का आगे कहना है कि खान सर से नुकसान पहुंचने के डर से उसने अपने एक रिश्तेदार को इस बात की जानकारी दी थी, जो पुलिस में थानेदार हैं। रिश्तेदार द्वारा हस्तक्षेप करने और डांट लगाने के बाद खान सर ने अपनी गलती मानकर माफी मांग ली थी। इसके बाद कुछ समय तक तो मामला शांत रहा, लेकिन आरोप है कि खान सर की ओर से उसके बारे में गुप्त रूप से जानकारियां जुटाई जाती रहीं। महिला ने अंदेशा जताया कि अगर उसके किसी रिश्तेदार या परिचित के साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो उसे भी निशाना बनाया जा सकता है। इसी डर से उसने पुलिस का दरवाजा खटखटाया है।
हुस्नारा ने पटना के पीरबहोर थाने में अपनी लिखित शिकायत दर्ज कराई है। महिला के अनुसार, पुलिस प्रशासन ने उसकी सुरक्षा को लेकर सकारात्मक रुख अपनाया है और उसे पूरी सुरक्षा का आश्वासन दिया है। थाना स्तर से उसे एक आपातकालीन संपर्क नंबर भी दिया गया है, ताकि किसी भी तरह की परेशानी या खतरा महसूस होने पर वह तुरंत पुलिस से संपर्क कर सके। पुलिस फिलहाल पूरे मामले के दोनों पहलुओं की जांच कर रही है।
Also Read: NEET PG Admit Card 2026 जारी, 30 अगस्त को परीक्षा, ऐसे करें डाउनलोड

