72 घंटे में फैसला नहीं तो मथुरा कूच करेगा विश्व हिंदू परिषद, मांस-शराब की दुकानें हटाने की मांग

Gopal Rai: विश्व हिन्दू रक्षा परिषद (VHRP) ने मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मभूमि क्षेत्र और परिक्रमा मार्ग से मांस, मछली और शराब की दुकानों को हटाने की मांग को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। बुधवार को लखनऊ के गोमती नगर में हुई प्रेस वार्ता में परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने प्रशासन को 72 घंटे में उचित फैसला लेने का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने कहा कि मांग पूरी नहीं हुई तो 30 अगस्त को परिषद के कार्यकर्ता सैकड़ों लोगों के साथ मथुरा के लिए रवाना होंगे।

गोपाल राय ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि करोड़ों सनातन श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। ऐसे पवित्र क्षेत्र में मांस, मछली और शराब की दुकानों का संचालन नहीं होना चाहिए। उनके मुताबिक, इससे श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं प्रभावित होती हैं और क्षेत्र की धार्मिक गरिमा भी प्रभावित होती है।

भव्य मंदिर निर्माण का भी समर्थन

VHRP ने अयोध्या और काशी के बाद मथुरा की श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण की मांग का समर्थन किया। गोपाल राय ने कहा कि यह करोड़ों सनातन धर्मावलंबियों की आस्था से जुड़ा विषय है।

4 अक्टूबर को महासम्मेलन

गोपाल राय ने 4 अक्टूबर को होने वाले अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि महासम्मेलन और सनातन गौरव सम्मान समारोह की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि विदेशों से भी प्रतिनिधि इसमें शामिल होंगे। कार्यक्रम के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मनिंदर सिंह बिट्टा और विधायक राजेश्वर सिंह को आमंत्रित किया गया है।

गोपाल राय के अनुसार, VHRP ने 21 देशों में राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किए हैं। इनमें लंदन के अभिषेक कुमार, ब्रिटेन के शरद कुमार झा, इंडोनेशिया के डॉ. रसाचार्य, ब्राजील के संजीव शर्मा, फ्रांस के विश्वनाथ शास्त्री समेत अन्य पदाधिकारी शामिल हैं।

Also Read: यूपी में विद्युत सखियों ने रचा इतिहास, ₹3,562 करोड़ का बिजली बिल किया जमा 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.