अखिलेश का बड़ा ऐलान- सपा सरकार बनी तो बिना कार्ड गरीबों का होगा मुफ्त इलाज

Akhilesh Yadav: लखनऊ में शनिवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने योगी सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए। अखिलेश ने पार्टी का ‘समाजवादी ऑडिट’ पेश किया। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था ‘वेंटिलेटर पर’ पहुंच गई है।

अखिलेश ने कहा कि 2027 में सपा की सरकार बनी तो गरीबों को इलाज के लिए कोई कार्ड नहीं दिखाना होगा। अस्पताल पहुंचते ही उनका मुफ्त इलाज शुरू किया जाएगा। कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज की सुविधाएं भी बेहतर करने का दावा किया।

डॉक्टरों के पद खाली होने का दावा

अखिलेश ने दावा किया कि यूपी में 16,189 लोगों पर एक सरकारी डॉक्टर है। सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों के 6,895 पद खाली हैं। नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ के 24 हजार से ज्यादा पद भी रिक्त बताए। उन्होंने एम्स गोरखपुर और रायबरेली में भी खाली पदों का जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि सपा सरकार में ‘दाम बांधो’ नीति लाई जाएगी। इसके तहत जरूरी सामान की कीमतें नियंत्रित करने का प्रयास होगा। महंगाई और खाद की समस्या को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा।

खेल, PDA और चुनाव को लेकर भी बोले

अखिलेश ने कहा कि यूपी के खिलाड़ियों को आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाएं दी जाएंगी। इसी दौरान 21 वर्षीय पर्वतारोही सागर कासना सपा में शामिल हुए। अखिलेश ने PDA को ‘प्रोग्रेसिव और विजनरी’ बताया और कहा कि विरोधी इसकी बढ़ती ताकत से घबराए हैं।

उन्होंने मतदाता सूची की SIR प्रक्रिया को लेकर कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने को कहा। JPNIC मुद्दे पर भी भाजपा पर निशाना साधा।

कार्यक्रम में बसपा के पूर्व विधायक राम शिरोमणि शुक्ला, भाजपा से लौटे पूर्व विधायक हेमराज वर्मा और AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अब्दुल मन्नान समेत कई नेताओं ने सपा की सदस्यता ली।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.