अमेरिका के साउथ कैरोलिना में घरेलू विवाद सुलझाने पहुंचे पुलिसकर्मियों पर फायरिंग, एक अफसर शहीद

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका के साउथ कैरोलिना स्थित कोलंबिया शहर से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहाँ हेजलवुड रोड पर बने साउथईस्ट पार्क में हुई गोलीबारी में एक पुलिस अधिकारी की जान चली गई, जबकि उनका एक साथी बुरी तरह घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में संदिग्ध हमलावर भी मारा गया है। कोलंबिया पुलिस प्रमुख डब्ल्यूएच स्किप होलब्रुक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों पुलिसकर्मी एक घरेलू विवाद की शिकायत मिलने पर जांच के लिए पार्क पहुंचे थे, तभी अचानक उन पर हमला कर दिया गया।

साउथ कैरोलिना पुलिस विभाग के अनुसार, इस अप्रत्याशित हमले में 29 वर्षीय युवा अफसर क्रिस डीलोंग गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने ड्यूटी के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं दूसरे अधिकारी डेविड डाइमॉक को भी गोली लगी है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है।

घटना के बाद पुलिस प्रमुख होलब्रुक ने भावुक होते हुए कहा कि यह विभाग के लिए एक ऐसा दुखद मोड़ है, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। ऑफिसर डाउन मेमोरियल पेज के रिकॉर्ड्स बताते हैं कि कोलंबिया में इससे पहले 25 जुलाई 1974 को किसी पुलिस अफसर (लेफ्टिनेंट फिलिप जॉर्ज) की ड्यूटी के दौरान गोली लगने से मौत हुई थी। यानी 50 वर्षों से भी अधिक समय के शांतिपूर्ण अंतराल के बाद ऐसी वारदात देखने को मिली है।

अमेरिका के विभिन्न शहरों में गोलीबारी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में केंटकी के लेक्सिंगटन शहर स्थित चार्ल्स यंग पार्क में हुई अंधाधुंध फायरिंग में 4 साल के बच्चे और 14 साल के किशोर समेत 5 लोग गोली लगने से घायल हो गए थे, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके अलावा वर्जीनिया स्टेट यूनिवर्सिटी कैंपस के भीतर हुई फायरिंग में भी 5 लोग घायल हुए थे, जिसके बाद पूरे यूनिवर्सिटी परिसर को एहतियातन पूरी तरह बंद (लॉकडाउन) करना पड़ा था।

Also Read: यूनिवर्सल वननेस महासम्मेलन में 30 देशों के धर्मगुरुओं ने नफरत के खिलाफ मिलाया हाथ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.