‘टॉक्सिक’ पर मचा बवाल, यश के सपोर्ट में उतरे ‘कांतारा’ फेम ऋषभ शेट्टी, बोले- ‘मैं आपके साथ हूं’
Bollywood News: यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ रिलीज के बाद से ही चर्चा में है। फिल्म को लेकर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आ रही है और सोशल मीडिया पर एक वर्ग इसकी आलोचना भी कर रहा है।
फिल्म की कहानी और किरदारों को लेकर हो रही ट्रोलिंग के बीच अब कन्नड़ सिनेमा के अभिनेता और ‘कांतारा’ फेम ऋषभ शेट्टी यश के समर्थन में उतर आए हैं।
ऋषभ शेट्टी ने एक नोट के जरिए फिल्म और यश के काम की तारीफ की। उन्होंने कहा कि एक कलाकार के लिए किसी किरदार को पूरी ईमानदारी से पर्दे पर उतारना आसान नहीं होता और यश ने ‘टॉक्सिक’ में अपने किरदार के लिए पूरी मेहनत की है।
ऋषभ शेट्टी ने यश की तारीफ में क्या कहा?
ऋषभ ने लिखा कि एक कलाकार जब किसी किरदार को निभाता है तो उसे पूरे दिल से जीवंत करने की कोशिश करता है।
उनके मुताबिक, फिल्म में एक ताकतवर व्यक्ति के संघर्ष को जिस मजबूती और विश्वास के साथ दिखाया गया है, उससे वह प्रभावित हुए हैं।
उन्होंने कहा कि संभव है कि फिल्म की कहानी और किरदार उस पारंपरिक रास्ते पर न चलते हों, जिस पर ज्यादातर फिल्में चलती हैं।
लेकिन अलग रास्ता चुनने का मतलब यह नहीं कि वह गलत है। उनके मुताबिक, किसी विचार को फिल्म में बदलकर दर्शकों तक पहुंचाना काफी मेहनत का काम है।
‘यश सर, आपके समर्पण को सलाम’
ऋषभ शेट्टी ने यश के काम की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने किरदार और फिल्म की दुनिया के लिए खुद को पूरी तरह समर्पित किया है।
उन्होंने लिखा कि यह समर्पण फिल्म के हर सीन में दिखाई देता है।

ऋषभ ने फिल्म के जरिए अपराधबोध को धीरे-धीरे बढ़ते हुए दिखाने के प्रयास की भी तारीफ की। उन्होंने इसे एक साहसी प्रयोग बताते हुए कहा, “इस कोशिश में मैं आपके साथ हूं सर।”
कन्नड़ सिनेमा को ग्लोबल पहचान दिलाने की तारीफ
ऋषभ शेट्टी ने यश की इस बात के लिए भी सराहना की कि वह कन्नड़ सिनेमा को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं।
उन्होंने यश के जुनून की तारीफ करते हुए कहा कि कन्नड़ सिनेमा को दुनिया तक पहुंचाने की उनकी कोशिश काबिल-ए-तारीफ है।
‘टॉक्सिक’ को लेकर दर्शकों के बीच जारी बहस के बीच ऋषभ शेट्टी का यह समर्थन यश के लिए खास माना जा रहा है।

