श्रीलंका को ICC का बड़ा झटका! छिनी महिला चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी, टूर्नामेंट से भी बाहर होने का खतरा

Women’s Champions Trophy: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने श्रीलंका क्रिकेट (SLC) को बड़ा झटका देते हुए पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी उससे छीन ली है। टूर्नामेंट अगले साल 14 से 28 फरवरी 2027 के बीच होना है, लेकिन अब मुकाबले श्रीलंका में नहीं खेले जाएंगे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, आईसीसी ने यह फैसला श्रीलंका क्रिकेट के मौजूदा प्रशासनिक हालात को देखते हुए लिया है। फिलहाल SLC का संचालन सरकार द्वारा नियुक्त अंतरिम प्रशासन कर रहा है। आईसीसी पहले ही श्रीलंका क्रिकेट से जल्द चुनाव कराने और क्रिकेट बोर्ड की स्वायत्तता से जुड़े मुद्दों को सुलझाने को कह चुका है।

क्यों छीनी गई श्रीलंका से मेजबानी?

‘संडे टाइम्स’ की रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीलंका अब इस टूर्नामेंट की मेजबानी नहीं करेगा। SLC ट्रांसफॉर्मेशन कमेटी के सेक्रेटरी प्रकाश शैफ्टर ने भी इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि टूर्नामेंट (Women’s Champions Trophy) को श्रीलंका से दूसरी जगह ले जाया गया है, हालांकि नए मेजबान का नाम अभी तय नहीं हुआ है।

ICC की पिछली बैठक में श्रीलंका क्रिकेट की स्थिति पर चर्चा हुई थी। बोर्ड ने बदले हुए संविधान की दिशा में हुई प्रगति पर ध्यान दिया और जल्द से जल्द चुनाव कराने की जरूरत पर जोर दिया था। साथ ही यह भी तय किया गया था कि फिलहाल श्रीलंका क्रिकेट आईसीसी बोर्ड की बैठकों में प्रतिनिधित्व नहीं कर सकेगा।

अंतरिम प्रशासन ने खेल मंत्री को संविधान में बदलाव का ड्राफ्ट सौंपा है। हालांकि, इसे कानूनी प्रक्रिया से गुजरने और फिर संसद में पेश किए जाने में समय लग सकता है। इसी वजह से आईसीसी ने टूर्नामेंट की मेजबानी कहीं और कराने का फैसला किया है।

श्रीलंका पर अब टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा

Women’s Champions Trophy की मेजबानी छिनने के बाद श्रीलंका के सामने एक और बड़ा संकट खड़ा हो गया है। महिला चैंपियंस ट्रॉफी में छह टीमें हिस्सा लेंगी। मौजूदा योजना के तहत शीर्ष पांच रैंक वाली टीमें क्वालिफाई करेंगी, जबकि मेजबान देश को छठी टीम के तौर पर जगह मिलेगी।

श्रीलंका फिलहाल ICC Rankings में छठे स्थान पर है। ऐसे में अगर टूर्नामेंट की मेजबानी किसी ऐसी टीम को मिलती है जो शीर्ष छह में शामिल नहीं है, तो श्रीलंका की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो सकती है।

नए मेजबान देश के नाम पर अंतिम फैसला आईसीसी बोर्ड की अगली बैठक में होने की उम्मीद है। यानी श्रीलंका के लिए मामला सिर्फ मेजबानी गंवाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उसकी अपनी टीम पर भी Women’s Champions Trophy 2027 से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है।

Also Read: जसप्रीत बुमराह की वापसी पर अभी सस्पेंस, हार्दिक पंड्या भी कर रहे ट्रेनिंग, ये गेंदबाज हुआ फिट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.