कंप्यूटर बंद, पेपर अधूरा और छात्र परेशान! NEET-PG 2026 के जयपुर सेंटर पर अब होगा री-एग्जाम
NEET-PG 2026: NEET-PG Exam को लेकर जयपुर से बड़ी खबर सामने आई है। जयपुर के iON डिजिटल जोन सीतापुरा के दो परीक्षा केंद्रों पर बिजली की समस्या के कारण अभ्यर्थी अपना पेपर पूरा नहीं कर सके। इसके बाद नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने इन केंद्रों पर परीक्षा दोबारा कराने का फैसला लिया है।
NBEMS के मुताबिक, प्रभावित अभ्यर्थियों की परीक्षा अब 5 सितंबर 2026 को दोपहर 3 बजे जयपुर में होगी। नए परीक्षा केंद्र और संशोधित एडमिट कार्ड (Admit Card) से जुड़ी जानकारी बाद में जारी की जाएगी।
बार-बार बंद हो रहे थे कंप्यूटर, अभ्यर्थियों ने किया प्रदर्शन
जयपुर के iON डिजिटल जोन सीतापुरा के TC Nos. 41682 और 41683 पर बिजली की खराबी के चलते परीक्षा प्रक्रिया प्रभावित हुई। अभ्यर्थियों का आरोप है कि परीक्षा के दौरान कंप्यूटर सिस्टम बार-बार बंद और क्रैश हो रहे थे।
एक अभ्यर्थी विष्णु शर्मा ने दावा किया कि सिस्टम कुछ मिनट चलने के बाद फिर बंद हो जाता था और ऐसा कई बार हुआ। अभ्यर्थियों ने इस अव्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए परीक्षा को पूरे देश में दोबारा कराने की मांग भी उठाई।
देशभर में 2.63 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी हुए शामिल
NBEMS के अनुसार, NEET-PG 2026 का आयोजन देशभर के 1,111 परीक्षा केंद्रों पर किया गया, जिसमें 2.63 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। हालांकि, जयपुर के इन दो केंद्रों पर तकनीकी समस्या के कारण परीक्षा पूरी नहीं हो सकी।
NBEMS ने टेक्नोलॉजी पार्टनर (Technology Partner) और परीक्षा केंद्र पर जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराने वाली एजेंसी की भूमिका की समीक्षा के लिए तत्काल बैठक भी बुलाई है। बोर्ड ने संकेत दिया है कि जिम्मेदारी तय होने के बाद आगे की कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा।
वहीं, परीक्षा व्यवस्था को लेकर अभ्यर्थियों की नाराजगी के बीच अब सभी की नजर 5 सितंबर के री-एग्जाम पर है। प्रभावित उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र और एडमिट कार्ड की नई जानकारी का इंतजार है।
Also Read: NEET में AIR 35, AIIMS दिल्ली की सीट भी मिली, फिर सब्यसाची ने क्यों चुना IIT

