2 घंटे की बारिश में लखनऊ बेहाल… सड़कें बनीं तालाब, घरों में घुसा पानी, 8 फीट धंसी सड़क

Lucknow Rain: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार को करीब दो घंटे हुई मूसलाधार बारिश (Heavy Rain) ने शहर की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। बारिश के बाद कई इलाकों में सड़कें तालाब में बदल गईं और निचले क्षेत्रों में घुटनों तक पानी भर गया।

इंदिरानगर, गोमतीनगर और भूतनाथ समेत कई इलाकों में जलभराव (Waterlogging) इतना ज्यादा रहा कि लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी हुई। कई जगह बारिश का पानी घरों के अंदर तक पहुंच गया। जलभराव के चलते दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

इंदिरानगर-गोमतीनगर में दो फीट तक पानी

तेज बारिश के बाद इंदिरानगर और गोमतीनगर की कई सड़कों पर करीब दो फीट तक पानी भर गया। कुछ इलाकों में पानी घरों के बेडरूम तक पहुंच गया। वहीं, बारिश के दौरान दिन में ही अंधेरा छा गया और बिजली की तेज गड़गड़ाहट से लोग सहम गए।

कम विजिबिलिटी के कारण वाहन चालकों को हेडलाइट और डिपर जलाकर सफर करना पड़ा। शहीद पथ, कमता तिराहा, पॉलीटेक्निक और बुद्धेश्वर चौराहे समेत कई प्रमुख मार्गों पर लंबा जाम लग गया।

चिनहट में 8 फीट सड़क धंसी

चिनहट के रोलेक्स अपार्टमेंट के सामने सीवर मैनहोल के पास करीब 8 फीट सड़क धंसने (Road Collapse) से हादसे का खतरा बढ़ गया। लगातार बारिश (Lucknow Rain) के बीच सड़क का बड़ा हिस्सा धंसने से लोगों में चिंता बढ़ गई।

चिनहट समेत कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रही। बारिश और जलभराव के कारण लोगों को घरों से निकलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

5 सितंबर तक बारिश का अलर्ट

मंगलवार को शहर के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग समय पर तेज बारिश हुई। सुबह मलिहाबाद, फिर जानकीपुरम विस्तार और हजरतगंज में बारिश हुई। दोपहर में गोमतीनगर, चिनहट और मोहनलालगंज में भी तेज बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग (IMD) ने Lucknow और आसपास के कई जिलों में आंधी के साथ तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। 5 सितंबर तक बारिश का अलर्ट बताया गया है।

आंकड़ों के मुताबिक, 1 सितंबर तक लखनऊ में सामान्य बारिश का औसत 523.9 मिलीमीटर है, जबकि अब तक 525.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज हो चुकी है। यानी राजधानी में बारिश सामान्य से 1.6 मिलीमीटर अधिक हो गई है। प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है।

Also Read: 68,500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों का लखनऊ में प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री आवास घेरा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.