UP में Swine Flu से दूसरी मौत, बदायूं के महिला की गई जान, रायबरेली में भी 3 केस

Swine Flu in UP: उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। लखनऊ के बाद अब बदायूं में भी संक्रमण से एक महिला की मौत की सूचना सामने आई है। महिला का इलाज बरेली के निजी मेडिकल कॉलेज में चल रहा था।

वहीं रायबरेली में भी स्वाइन फ्लू के तीन नए मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की स्क्रीनिंग शुरू कर दी है।

बदायूं में Swine Flu से महिला की मौत

बदायूं के बिल्सी क्षेत्र के गांव सिरासौल की रहने वाली 65 वर्षीय महिला स्वाइन फ्लू से संक्रमित थीं। उनका इलाज बरेली के एक निजी मेडिकल कॉलेज में चल रहा था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मंगलवार को मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की ओर से महिला की मौत की जानकारी सीएमओ कार्यालय को भेजी गई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई। वहीं आसफपुर क्षेत्र में भी एक अन्य संक्रमित मरीज का बरेली में इलाज चल रहा है।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक जिले में पहले पांच संक्रमित मरीज सामने आए थे। इसके बाद दो और मामले मिले, जिनमें बिल्सी और आसफपुर के मरीज शामिल हैं।

संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की स्क्रीनिंग

स्वास्थ्य विभाग ने H1N1 संक्रमित मरीजों के घरों पर टीमें भेजकर उनके संपर्क में रहने वाले लोगों की जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने मरीजों के घर और आसपास के इलाकों में पहुंचकर स्क्रीनिंग की।

जिला संक्रामक रोग विशेषज्ञ डॉ. कौशल गुप्ता के मुताबिक, संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की निगरानी की जा रही है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार काम कर रही हैं।

रायबरेली में भी Swine Flu के 3 मरीज मिले

उधर, रायबरेली में स्वाइन फ्लू के तीन मरीज मिलने की पुष्टि हुई है। लखनऊ की प्रयोगशाला में हुई जांच में सलोन क्षेत्र की 63 वर्षीय महिला और ऊंचाहार व सलोन क्षेत्र के रहने वाले एक दंपती संक्रमित पाए गए।

इनमें से दो मरीजों को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है, जबकि एक संक्रमित का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

स्वास्थ्य विभाग ने सलोन में कैंप लगाकर करीब 50 लोगों की जांच भी की, हालांकि इनमें किसी में स्वाइन फ्लू (Swine Flu) के लक्षण नहीं मिले। प्रदेश में बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग ने बुखार से पीड़ित मरीजों की स्क्रीनिंग और निगरानी बढ़ा दी है।

Also Read: इलाज के लिए पैसों की कमी नहीं बनेगी बाधा, CM Yogi बोले- एस्टीमेट भेजें, सरकार तुरंत देगी रकम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.