अजय राय का अमित शाह को पत्र, यूपी की कानून व्यवस्था पर मांगी तत्काल रिपोर्ट, लखनऊ में कांग्रेस का अनिश्चितकालीन धरना

Ajay Rai: उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था, महिलाओं और नाबालिगों के खिलाफ अपराध तथा पुलिस हिरासत में मौत को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र भेजकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने यूपी की कानून व्यवस्था पर रिपोर्ट तलब करने और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा व जरूरी मदद देने की अपील की।

अजय राय ने मैनपुरी की 16 वर्षीय छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म का मामला उठाया। उनके मुताबिक, छात्रा ग्रेटर नोएडा से नोएडा सेक्टर-63 जा रही थी। आरोप है कि बस चालक और परिचालक ने उसके साथ अपराध किया। राय ने सवाल किया कि करीब 47 किलोमीटर तक बस चलने के बावजूद सुरक्षा एजेंसियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं मिली। उन्होंने घटना की जानकारी कथित तौर पर 25 दिनों तक सामने नहीं आने को भी गंभीर बताया।

बदायूं हिरासत मौत पर निष्पक्ष जांच की मांग

राय ने बदायूं के दातागंज थाने में राजेश कोरी की पुलिस हिरासत में हुई मौत का मुद्दा भी उठाया। परिवार की ओर से लगाए गए पुलिस प्रताड़ना और पिटाई के आरोपों का जिक्र करते हुए उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। बसों में CCTV, GPS और सुरक्षा मानकों की निगरानी तथा पीड़िता के परिवार की सुरक्षा और चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करने की बात भी कही।

खड़गे के मंच के कथित शुद्धिकरण पर धरना

वहीं, हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के मंच के कथित शुद्धिकरण के मामले पर यूपी कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग ने लखनऊ के इको गार्डेन में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया। सांसद और विभाग के चेयरमैन तनुज पुनिया के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता जुटे।

पुनिया ने भाजपा और आरएसएस पर दलित विरोधी मानसिकता का आरोप लगाया। उन्होंने इसे दलित सम्मान और संवैधानिक अधिकारों से जुड़ा मुद्दा बताया। कांग्रेस ने कथित शुद्धिकरण के जिम्मेदार लोगों पर FIR और राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR वापस लेने की मांग की है। पुनिया ने कहा कि मांगें पूरी होने तक धरना जारी रहेगा।

Also Read: उन्नाव में हत्या कर पुणे भाग गया था 50 हजार का इनामी, UP STF ने किया गिरफ्तार 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.