फर्रुखाबाद में बाढ़ पीड़ितों से मिले CM योगी, 31 बेघर परिवारों को दिया जमीन का पट्टा
CM Yogi: गंगा में आई बाढ़ से प्रभावित लोगों का हाल जानने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को फर्रुखाबाद पहुंचे। उन्होंने फतेहगढ़ पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान बाढ़ में बेघर हुए 31 परिवारों को जमीन का पट्टा दिया गया। करीब एक हजार परिवारों को राहत किट भी वितरित की गई।
बाढ़ पीड़ितों से सीधा संवाद
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की थीं। उनके पहुंचने से पहले ही पुलिस लाइन में बनाया गया वाटरप्रूफ पंडाल बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों और अन्य लोगों से भर गया था। योगी ने पीड़ित परिवारों से बातचीत कर उनकी परेशानियों और जरूरतों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आपदा की स्थिति में प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने के साथ उनके पुनर्वास पर भी काम कर रही है। उन्होंने बाढ़ पीड़ित परिवारों को आवास उपलब्ध कराने का भी ऐलान किया।
विपक्ष पर साधा निशाना
कार्यक्रम में संबोधन के दौरान योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “गरीब के पैसे पे डकैती नहीं पड़ने देंगे।” उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी लोग ‘सैफई सिंडिकेट’ के डकैती के पुराने अनुभव के जरिए आउटसोर्सिंग एजेंसियों से लूट-खसोट करवाते थे।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई निरीक्षण किया और मौके पर हालात का जायजा लिया।
आज मथुरा में 1051 करोड़ की परियोजनाएं
फर्रुखाबाद के बाद मुख्यमंत्री गुरुवार को मथुरा पहुंचेंगे। यहां साधु-संतों की मौजूदगी में स्वामी श्री हरिदास प्रेक्षागृह समेत 1051 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास होगा। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 और मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के 7,240 लाभार्थियों को सहायता राशि दी जाएगी। अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, ट्रैक्टर की चाबी और चेक भी दिए जाएंगे।
Also Read: वाराणसी-दिल्ली फ्लाइट की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग, कार्गो में बजा स्मोक अलार्म

