शिक्षक दिवस पर अखिलेश यादव ने पाठशाला पुकारे कार्यक्रम के जरिए सरकार को घेरा

Lucknow News: शिक्षक दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रदेश में बंद किए गए प्राथमिक विद्यालयों को तुरंत पुनः खोलने की मांग उठाई। अखिलेश यादव ने कहा कि शिक्षा ही शोषित, वंचित, गरीब और पीड़ित वर्गों में सामाजिक व राजनीतिक चेतना जगाने का मुख्य जरिया है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सपा शुक्रवार को बंद पड़े प्राथमिक विद्यालयों में ‘पाठशाला पुकारे’ कार्यक्रम आयोजित कर रही है, जिसका मुख्य नारा है ‘बंद स्कूल खुलेगा, तो पीडीए पढ़ेगा।’

पोस्टर जारी कर सरकार की मंशा पर उठाए सवाल

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक विशेष पोस्टर साझा करते हुए सरकार की नीतियों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने लिखा कि भाजपा सरकार द्वारा प्रदेश में बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षक दिवस (5 सितंबर) के दिन यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसका मूल उद्देश्य समाज को यह संदेश देना है कि प्राथमिक शिक्षा का प्रसार ही पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) समाज के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है।

सामाजिक न्याय और बराबरी के लिए शिक्षा को प्राथमिकता देना जरूरी

अखिलेश यादव ने कहा कि इस अभियान के पीछे मुख्य विचार शिक्षा को पहली प्राथमिकता देना है। शिक्षा से ही वंचित समाज में जागरूकता आएगी, जो प्रभुत्ववादी सोच और भेदभाव को समाप्त कर बराबरी का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के बल पर ही समता और समानता पर आधारित ‘सामाजिक न्याय का राज’ स्थापित होगा, जिससे देश में आपसी सौहार्द और बंधुत्व की भावना को बल मिलेगा।

सपा सरकार बनने पर फिर खुलेंगे सभी बंद प्राथमिक स्कूल

प्रदेश की वर्तमान शिक्षा नीति पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी सरकार बनते ही बंद पड़े सभी 26 हजार से अधिक प्राथमिक विद्यालयों को फिर से शुरू किया जाएगा। उन्होंने गंभीर आरोप लगाया कि भाजपा सरकार शिक्षा को बढ़ावा देने के बजाय सरकारी तंत्र को बंद करने में लगी है, जिसका सीधा और सबसे ज्यादा नुकसान पीडीए वर्ग से आने वाले विद्यार्थियों को हो रहा है।

Also Read: India vs Japan: क्रिकेट इतिहास में पहली बार आमने-सामने होंगे भारत-जापान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.