प्रयागराज में गो-तस्करी पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 80 ठिकानों पर छापे, 4 गिरफ्तार
Prayagraj Cow Smuggling: प्रयागराज कमिश्नरेट के गंगानगर जोन में गो-तस्करी और गोवध से जुड़े संदिग्धों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 5 और 6 सितंबर की दरम्यानी रात विशेष अभियान चलाकर पुलिस ने कई थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश दी।
इस अभियान में 33 पुलिस टीमों को लगाया गया। टीमों ने कुल 80 ठिकानों पर पहुंचकर संदिग्धों की जांच और सत्यापन किया। इस दौरान 72 संदिग्ध अभियुक्तों का सत्यापन किया गया, जबकि चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई।
हंडिया में 20 ठिकानों पर दबिश
पुलिस के मुताबिक, सोरांव, नवाबगंज, होलागढ़, थरवई, फाफामऊ, सरायइनायत, फूलपुर, बहड़िया, हंडिया, सरायममरेज और उतरांव समेत गंगानगर जोन के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई हुई।
थानावार कार्रवाई में हंडिया (Handia) सबसे आगे रहा, जहां पुलिस ने 20 स्थानों पर दबिश देकर 10 संदिग्धों का सत्यापन किया। होलागढ़ में 10, उतरांव में 9, सरायइनायत में 7 और सोरांव में 6 संदिग्धों का सत्यापन किया गया। बाकी थाना क्षेत्रों में भी पुलिस टीमों ने संदिग्धों के ठिकानों पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
संदिग्धों पर लगातार रहेगी नजर
पुलिस का कहना है कि अभियान का मकसद गो-तस्करी से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके आपराधिक रिकॉर्ड और मौजूदा गतिविधियों की जानकारी जुटाना है। साथ ही, ऐसे लोगों की गतिविधियों पर आगे भी निगरानी रखी जाएगी।
अधिकारियों के मुताबिक गो-तस्करी और गोवध जैसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का फोकस संदिग्ध नेटवर्क को चिन्हित कर प्रभावी कार्रवाई करने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के साथ आमजन का भरोसा मजबूत करने पर है।

