खीरी में 4 साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, 65 साल का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जांच में जुटी
Kheri Crime News: खीरी के सिंगाही थाना क्षेत्र के एक गांव में चार वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म (Rape) का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि गांव का करीब 65 वर्षीय खलील अहमद बहाने से बच्ची को अपने घर ले गया, जहां उसके साथ गलत काम किया गया।
घर लौटने के बाद बच्ची की हालत देखकर परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही सिंगाही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
बच्ची के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मामले की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी शिवम कुमार, निघासन के उप जिलाधिकारी और एडिशनल एसपी पवन गौतम पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय पुलिस से पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने जांच से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस बोली- मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे बढ़ेगी कार्रवाई

सीओ शिवम कुमार के मुताबिक, डायल 112 पर चार वर्षीय बच्ची के साथ 65 वर्षीय व्यक्ति द्वारा गलत काम किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद खलील पुत्र अशरफी को आरोपी के तौर पर चिन्हित किया गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और बच्ची को चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। अब मेडिकल रिपोर्ट, पीड़ित परिवार की तहरीर और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल सिंगाही (Singahi) पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

