बागपत में बड़ा हादसा, एक्सप्रेसवे पर पलटी श्रद्धालुओं से भरी पिकअप, 5 की मौत, 27 घायल
Baghpat Road Accident: बागपत के ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे (Eastern Peripheral Expressway) पर रविवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। बड़ागांव टोल के पास राजस्थान के बागड़ धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को एक कैंटर ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
हादसे में एक बच्ची समेत पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 27 लोग घायल बताए जा रहे हैं। सभी श्रद्धालु बदायूं के अल्हापुर गांव के रहने वाले हैं। पिकअप में कुल 32 लोग सवार थे।
टक्कर के बाद मची चीख-पुकार
बताया गया कि अल्हापुर गांव के लोग राजस्थान स्थित बागड़ धाम की यात्रा पर गए थे। रविवार रात वापस लौटते समय बड़ागांव के पास तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी पिकअप में टक्कर मार दी। हादसे के बाद पिकअप पलट गई और कई श्रद्धालु उसके नीचे दब गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहगीरों की मदद से वाहन के नीचे फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल सीएचसी खेकड़ा और जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर घायलों में कुछ को दिल्ली और मेरठ रेफर किया गया है।
मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस
हादसे (Baghpat Raod Accident) की सूचना मिलने के बाद जिलाधिकारी अस्मिता लाल और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना।
एसपी सूरज कुमार राय के मुताबिक, अभी एक मृतक की पहचान रामेश्वर निवासी अल्हापुर के रूप में हुई है। बाकी मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है।
Also Read: पुलिस चौकी के अंदर मन रहा था बाहरी युवक का बर्थडे, वीडियो वायरल होते ही 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड

