कौशांबी में महिला सिपाही की गोली लगने से मौत, ड्यूटी के दौरान चली सरकारी राइफल

Kaushambi News: कौशांबी में मंगलवार को महिला थाने के गेट पर तैनात महिला सिपाही प्रियंका यादव की गोली लगने से मौत हो गई। गोली गले को चीरते हुए सिर से निकल गई। अचानक फायरिंग की आवाज सुनकर साथी पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो प्रियंका खून से लथपथ जमीन पर पड़ी मिलीं। उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रियंका ने पिछले साल ही पुलिस बल ज्वाइन किया था।

एएसपी अमिता सिंह के मुताबिक, सुबह करीब 10:30 बजे प्रियंका थाने के ऑफिस के बाहर गेट पर कुर्सी पर बैठी थीं। वह किसी काम से उठकर गईं और करीब दो मिनट बाद लौटकर आईं। कुर्सी पर बैठने के दौरान ही अचानक गोली चलने की आवाज आई। उनके दाहिने हाथ में सरकारी राइफल मिली।

खुदकुशी या गलती से चली गोली

डीएसपी सौरभ सामंत ने बताया कि अभी यह साफ नहीं है कि गोली प्रियंका ने खुद चलाई या राइफल से गलती से फायर हुआ। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। सिपाही के कमरे की तलाशी भी ली गई, लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

CCTV और साक्ष्यों की जांच

घटना की सूचना मिलते ही एसपी सत्यनारायण प्रजापत, डीएसपी सौरभ सामंत समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल को सील कर दिया गया है और राइफल को जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। पुलिस ने मौके से मिले साक्ष्य सुरक्षित किए हैं।

सीओ सदर सौरभ सामंत के नेतृत्व में जांच टीम बनाई गई है। CCTV फुटेज खंगाली जा रही है और साथी पुलिसकर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही गोली चलने की वास्तविक वजह सामने आएगी।

Also Read: बुलंदशहर में छात्रा के साथ 8 दिन तक दुष्कर्म, परिजनों का आरोप- पुलिस ने नहीं लिखी रिपोर्ट 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.