एक के बदले तीन नकली नोट! कानपुर में चल रही थी फेक करेंसी की फैक्ट्री, मास्टरमाइंड समेत 3 गिरफ्तार
Kanpur Fake Currency Factory: यूपी के सहारनपुर में PNB करेंसी चेस्ट (PNB Currency Chest) से 17.29 करोड़ रुपये के नकली नोट मिलने के बाद जांच तेज है। इसी बीच कानपुर में पुलिस ने नकली नोट छापने वाली पूरी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मास्टरमाइंड समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर 2 लाख 4 हजार 650 रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, नकली नोटों की छपाई रेलबाजार थाना क्षेत्र में रामलीला मैदान के पास किराए के कमरे में होती थी। इन्हें कानपुर सेंट्रल और आसपास के रेलवे स्टेशनों व बाजारों में खपाया जाता था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उन्नाव के शेर सिंह, कानपुर के रोशन अली और उरई के सोमिल गुप्ता के रूप में हुई है।
एक असली के बदले तीन नकली नोट
पुलिस के अनुसार, आरोपी लोगों को असली रकम के बदले तीन गुना नकली नोट देते थे। रेलवे स्टेशन के आसपास की छोटी दुकानों और बाजारों में इनकी ज्यादा खपत होती थी।
बरामद नकली नोटों में 100 रुपये के 1,991 नोट, 50 रुपये के 71 नोट और 500 रुपये के 4 नोट शामिल हैं। इसके अलावा प्रिंटर, पेपर कटर, कैंची, स्केल, इंक, रिम पेपर और अन्य सामान भी मिला है।
पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपी पहले भी जेल जा चुके हैं। शेर सिंह पर 4, रोशन अली पर 7 और सोमिल गुप्ता पर 5 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब नकली नोटों (Fake Currency) के पूरे नेटवर्क और इनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
Also Read: चंदौली में कार के सीक्रेट बॉक्स से निकला 3.92 करोड़ का सोना, 22 बिस्किट के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

