बलिया में पूर्व CRPF जवान की चाकू से हत्या, भाई पर भी जानलेवा हमला, जमीन विवाद वजह
Ballia News: बलिया के उभांव थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर पूर्व CRPF जवान की हत्या कर दी गई। गुरुवार रात करीब 9 बजे पड़ोसियों ने डेयरी फार्म पर सो रहे अमरेश बहादुर सिंह पर हमला कर दिया। आरोप है कि उन्हें पहले गिराकर पीटा गया और फिर पेट में चाकू से कई वार किए गए।
शोर सुनकर अमरेश के भाई मंजेश सिंह बचाने पहुंचे। हमलावरों ने उनके सीने पर भी चाकू से हमला कर दिया। दोनों भाई घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गए। परिजन दोनों को अस्पताल ले गए, जहां अमरेश की मौत हो गई। मंजेश की हालत गंभीर है और उन्हें बीएचयू वाराणसी रेफर किया गया है। वह वेंटीलेटर सपोर्ट पर हैं।
पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
45 वर्षीय अमरेश बेल्थरारोड के दोथ सोनाडीह गांव के रहने वाले थे। उन्होंने इसी साल 31 मार्च को CRPF से VRS लिया था। परिवार में पत्नी कंचन सिंह और तीन बेटियां कृतिका, रितिका व रोशनी हैं। दोनों भाई घर के पास डेयरी फार्म चलाते थे।
आरोप है कि पड़ोसी गिरीश सिंह, उसकी पत्नी शीला, बेटे करन-सूरज और बेटी खुशी ने विवाद के बाद हमला किया। अमरेश की पत्नी ने आरोपियों के एनकाउंटर और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की है।
तीन आरोपी हिरासत में, दो फरार
ASP दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि जमीन विवाद में हत्या हुई है। शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने रात में ही खुशी, शीला और सूरज को हिरासत में ले लिया। गिरीश और करन फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें दबिश दे रही हैं। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात है।
Also Read; लखनऊ में चोरी के शक में दो युवकों को नंगा कर पीटा, वीडियो वायरल होने पर पुलिस सक्रिय

