UCC पर अमित शाह का बड़ा ऐलान, 2029 तक NDA शासित 21 राज्यों में होगा लागू
Uniform Civil Code: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने समान नागरिक संहिता यानी UCC को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने रविवार को कहा कि साल 2029 से पहले भाजपा और उसके सहयोगी दलों की सरकार वाले सभी 21 राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू कर दी जाएगी। शाह ने यह बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान की जानकारी देते हुए कही।
17 सितंबर से शुरू होगा सेवा अभियान
मुंबई में मीडिया से बातचीत में अमित शाह ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में 30 दिन का सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कई राज्यों में UCC लागू हो चुका है। अब NDA शासित बाकी राज्यों में भी इसे लागू करने की दिशा में काम किया जाएगा।
दुनिया में बढ़ा भारत का सम्मान
अमित शाह ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में दुनिया में भारत का कद काफी बढ़ा है। आज अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर प्रधानमंत्री मोदी की राय को अहमियत दी जाती है। उन्होंने दावा किया कि मोदी को दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता माना गया है और एक सर्वे में उन्हें 68 प्रतिशत अप्रूवल रेटिंग मिली है।
शाह के मुताबिक, 36 देशों ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान दिए हैं। उन्होंने कहा कि 2014 में भारत को ‘फ्रेजाइल फाइव’ में गिना जाता था, लेकिन अब देश दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। मोदी ने 15 अगस्त 2047 तक भारत को हर क्षेत्र में आगे ले जाने का विश्वास पैदा किया है।
घुसपैठ और चीन पर भी बोले शाह
घुसपैठियों के मुद्दे पर शाह ने कहा कि हर अवैध घुसपैठिये की पहचान कर उसे देश से बाहर निकाला जाएगा। गलवान घटना के बाद भारत-चीन बातचीत पर उन्होंने कहा कि कुछ संवेदनशील मामलों की जानकारी सार्वजनिक करना राष्ट्रहित और सेना के हित में नहीं है।

