कोल्डप्ले के बाद अब दिलजीत दोसांझ की बारी, नरेंद्र मोदी स्टेडियम में करेंगे कॉन्सर्ट

Diljit Dosanjh Ahmedabad Concert: पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने अपने फैंस को बड़ी खुशखबरी दी है। शनिवार, 12 सितंबर को लंदन के वेम्बली स्टेडियम में हुए हाउसफुल कॉन्सर्ट के दौरान उन्होंने भारत में अपने अगले बड़े शो का ऐलान किया। दिलजीत ने बताया कि वह 21 नवंबर, 2026 को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में लाइव परफॉर्म करेंगे।

वेम्बली से अहमदाबाद शो की घोषणा

दिलजीत इन दिनों ‘ऑरा वर्ल्ड टूर’ पर हैं। इसी टूर के तहत वेम्बली स्टेडियम में परफॉर्म करते हुए उन्होंने अहमदाबाद कॉन्सर्ट की तारीख बताई। यह 2024 के सफल ‘दिल-लुमिनाती इंडिया टूर’ के बाद अहमदाबाद में उनका पहला शो होगा। हालांकि, टिकट की कीमत, बिक्री और बुकिंग से जुड़ी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

कोल्डप्ले का जिक्र, पंजाबी अंदाज में जवाब

दिलजीत ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम को भारत का सबसे बड़ा और शानदार वेन्यू बताया। उन्होंने ब्रिटिश रॉक बैंड कोल्डप्ले का भी जिक्र किया। दिलजीत ने कहा कि हाल ही में एक विदेशी बैंड ने इस स्टेडियम के सभी टिकट बेच दिए थे, जो गर्व और बधाई की बात है। इसके बाद उन्होंने पंजाबी अंदाज में कहा कि भारत में इतना बड़ा स्टेडियम हो और कोई पंजाबी वहां अपना झंडा न गाड़े, ऐसा नहीं हो सकता।

वेम्बली में रचा इतिहास

दिलजीत वेम्बली स्टेडियम में हेडलाइनर बनने वाले पहले पंजाबी कलाकार बन गए हैं। दो घंटे से ज्यादा चले शो में उन्होंने ‘जीओएटी’, ‘लवर’, ‘हंस-हंस’ और ‘बॉर्न टू शाइन’ जैसे हिट गाने गाए। करीब 90 हजार क्षमता वाले स्टेडियम में फैंस की भारी भीड़ मौजूद रही। शो का अंत ‘मैं हूं पंजाबी’ और आतिशबाजी के साथ हुआ।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.