गोंडा में पुलिस को चकमा देकर जंगल के रास्ते विनोद साहनी के घर पहुंचीं विधायक पल्लवी पटेल

Gonda News: गोंडा के बर्तन व्यापारी विनोद साहनी की हत्या के मामले में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। निषाद पार्टी अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद के प्रदर्शन के बाद अब दूसरे दलों के नेता भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंच रहे हैं। रविवार को सिराथू विधायक पल्लवी पटेल के गोंडा आने की सूचना पर पुलिस ने उनके काफिले को रोकने के लिए नाकेबंदी की। हालांकि, पल्लवी पटेल पुलिस को चकमा देकर जंगल के रास्ते रेक्सड़िया के पूरे मल्लाहन गांव पहुंच गईं।

परिवार से मिलीं पल्लवी पटेल

विधायक ने दिवंगत विनोद साहनी के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने सरकार और प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए न्याय की लड़ाई में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।

पल्लवी पटेल ने आरोप लगाया कि पिछड़े, दलित और आदिवासी समाज के लोगों की सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि आज सरहदों पर आतंकवादियों से ज्यादा खतरा जातिवादियों से है। उनके मुताबिक, संगठित अपराध हो रहे हैं और दिनदहाड़े लोगों की हत्या की जा रही है, लेकिन सरकार केवल कार्रवाई के प्रयास की बात कर रही है।

नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

विधायक ने मांग की कि घायल विनोद साहनी ने जिन लोगों के नाम बताए थे और जिन्हें तहरीर में नामजद किया गया है, उन्हें गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि आरोपियों को बचाने के लिए दबाव बनाया गया तो वह परिवार के साथ खड़ी रहेंगी।

पल्लवी पटेल ने परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, उचित मुआवजा, सुरक्षा और शस्त्र लाइसेंस देने की मांग की। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल सभी लोगों पर बिना भेदभाव कार्रवाई होनी चाहिए।

Also Read: लखनऊ में रॉन्ग साइड पर टोकने पर बुजुर्ग की हत्या, शव वाहन के आगे लेटकर रोता रहा बेटा, आरोपी गिरफ्तार 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.