राजनाथ सिंह ने खटीक समाज को लौटाया चांदी का मुकुट, बोले- गरीब बेटी के लिए पायल बनवा देना

Rajnath Singh: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को आगरा में आयोजित खटीक गर्जना सम्मेलन में सामाजिक एकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अपने राजनीतिक फायदे के लिए जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांटने की कोशिश करते हैं। हमें किसी के बहकावे में नहीं आना है। समाज में प्रेम, सहयोग और एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े होने की भावना मजबूत करनी होगी। उन्होंने कहा, “टूटने से बिखरेंगे, जुड़ने से निखरेंगे।”

चांदी का मुकुट लौटाकर कही बड़ी बात

सम्मेलन में खटीक समाज ने राजनाथ सिंह को चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया। रक्षा मंत्री ने मुकुट अपने पास रखने के बजाय वापस कर दिया। उन्होंने कहा कि इसे तुड़वाकर किसी गरीब परिवार की बेटी के लिए चांदी की पायल बनवा दीजिए, जिसकी शादी के बाद विदाई के समय पैरों में पायल न हो।

खटीक समाज की भूमिका का जिक्र

राजनाथ सिंह ने कहा कि हिंदू धर्म को केवल जाति के आधार पर समझना सही नहीं है। व्यवस्था कर्म आधारित है और सभी का लक्ष्य धर्म व राष्ट्र की रक्षा होना चाहिए। उन्होंने 1946 के डायरेक्ट एक्शन डे का जिक्र करते हुए कहा कि गोपाल पाठा के नेतृत्व में खटीक समाज के लोगों ने हिंदुओं की रक्षा के लिए मोर्चा संभाला था।

उन्होंने कहा कि खटीक समाज खतरे के समय सबसे आगे खड़ा होता है। उत्तर प्रदेश के विकास का जिक्र करते हुए राजनाथ ने कहा कि प्रदेश अब माफिया राज और असुरक्षा की छवि से निकलकर एक्सप्रेसवे, मेट्रो और औद्योगिक कॉरिडोर के लिए जाना जा रहा है। सम्मेलन में करीब 1500 लोग शामिल हुए। इसमें राजनीतिक भागीदारी और आगामी चुनावों में समाज की भूमिका पर चर्चा हुई।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.