सीएम योगी ने यूपी पुलिस में 912 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र, बोले- अगले 6 महीने में देंगे 1 लाख और सरकारी नौकरियां

Lucknow News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को राजधानी लखनऊ स्थित लोकभवन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में चयनित 912 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

नियुक्ति पत्र पाने वाले चयनित युवाओं में पुलिस उपनिरीक्षक (गोपनीय), पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक), पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (लेखा) पद शामिल हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों (विशेषकर समाजवादी पार्टी) पर जमकर निशाना साधा। सीएम योगी ने कहा, 2017 से पहले भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर युवाओं में गहरी निराशा थी और हर जगह भाई-भतीजावाद हावी था। हमारी सरकार ने पारदर्शी प्रक्रिया अपनाते हुए ग्रुप ‘सी’ और ‘डी’ के पदों पर साक्षात्कार (Interview) की व्यवस्था को समाप्त कर दिया, जिसके नाम पर पहले गड़बड़झाला किया जाता था।

उन्होंने कहा, 2017 से पहले प्रदेश में हर दूसरे दिन दंगे होते थे और महीनों कर्फ्यू रहता था। मुजफ्फरनगर और कोसीकलां जैसे दंगों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले माफिया के काफिले के आगे न्यायपालिका के अधिकारियों तक को रुकना पड़ता था, लेकिन आज कोई असलहा लहराने या दंगा करने की हिम्मत नहीं कर सकता।

बेटी को छेड़ने वाला अपने डेथ वारंट पर खुद दस्तखत कर रहा है

महिला सुरक्षा और यूपी पुलिस के मॉडल पर बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले लोग अपनी बेटियों को राज्य से बाहर भेजने को मजबूर थे। आज स्थिति यह है कि अगर कोई शोहदा किसी बेटी को छेड़ने की कोशिश करता है, तो वह अपने ‘डेथ सेंटेंस’ (मृत्यु दंड) पर खुद दस्तखत कर रहा होता है। उन्होंने कहा कि आज देशभर में यूपी पुलिस के लॉ एंड ऑर्डर मॉडल की चर्चा होती है और सरकार दंगों की मॉक ड्रिल केवल इसलिए कराती है ताकि लोग सतर्क रहें।

अगले 6 महीने में 1 लाख और अवसर

सीएम योगी ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था और रोजगार के आंकड़ों पर प्रकाश डालते हुए कहा, उत्तर प्रदेश आज देश के उन गिने-चुने राज्यों में शामिल है जो रेवेन्यू सरप्लस (राजस्व अधिशेष) हैं। पिछले साढ़े नौ वर्षों के दौरान राज्य सरकार ने 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं। आने वाले 6 महीनों के भीतर यूपी सरकार 1 लाख और सरकारी नौकरियां देने जा रही है।

Also Read: मायावती ने फिर बदला फैसला, दीपिका आउट, भतीजे ईशान आनंद को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.