एक करोड़ रुपये की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, ANTF और बाराबंकी पुलिस के हाथ लगी बड़ी सफलता

Barabanki News: मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित क्रिस्टल गार्डेन से महज 20 कदम दूर, सिटी चौकी जाने वाले मार्ग से कल देर शाम एक शातिर नशीले पदार्थों के तस्कर को गिरफ्तार किया। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान मो. नदीम उर्फ राजू के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 512 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1.03 करोड़ रुपये आंकी गई है। अभियुक्त के पास से एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त मो. नदीम ने खुलासा किया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लंबे समय से इस काले कारोबार में लिप्त था। वे बाहरी इलाकों से सस्ते दामों में हेरोइन खरीदकर लाते थे और उसे स्थानीय स्तर पर ऊंचे दामों में ग्राहकों और छोटे तस्करों को सप्लाई करते थे। इस मामले में थाना कोतवाली नगर पर मुकदमा अपराध संख्या 671/2026, धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। पुलिस अब गिरोह के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज यानी पूरे नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक पुरुषोत्तम विश्वकर्मा, अरविन्द कुमार सिंह, मनीष कुमार दुबे, हेड कांस्टेबल आलोक सिंह, आदिल हाशमी, वेदप्रकाश दुबे, कांस्टेबल अमरपाल, कृष्ण कुमार, गौरव तिवारी, महिला कांस्टेबल स्वाती तिवारी व अर्चना विश्वकर्मा शामिल रहे। वहीं सहयोगी टीम की ओर से उपनिरीक्षक जगन्नाथ मणि त्रिपाठी, कांस्टेबल अरुण कुमार और रिक्रूट कांस्टेबल विवेक कुमार ने अहम भूमिका निभाई।

Also Read: Lakhimpur Kheri News: माझा सुमाली में एसडीएम व तहसीलदार ने बाढ़ पीड़ित परिवारों को बांटी राहत किटें

Get real time updates directly on you device, subscribe now.