Stock Market Crash: सेंसेक्स 1,247 अंक टूटा, निफ्टी भी 23,100 के नीचे; बाजार में क्यों मचा हाहाकार?
Stock Market Crash: घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार को जोरदार बिकवाली देखने को मिली। सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन सेंसेक्स 1,247.71 अंक गिरकर 73,580.54 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 383.70 अंक टूटकर 23,063.10 पर आ गया। दोनों प्रमुख इंडेक्स में 1.5 फीसदी से ज्यादा की गिरावट रही।
बाजार में गिरावट की कई वजहें रहीं। अमेरिका में बॉन्ड यील्ड के लंबे समय के ऊंचे स्तर पर पहुंचने, कच्चे तेल की कीमतों के फिर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार जाने और वैश्विक बाजारों में कमजोरी का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी पड़ा। इसके अलावा बैंकिंग और NBFC शेयरों में तेज बिकवाली ने भी बाजार का मूड बिगाड़ दिया।

सेंसेक्स की सभी 30 कंपनियां लाल निशान में
गुरुवार के कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 1,200 अंक से ज्यादा टूटकर 73,563.92 के स्तर तक पहुंच गया। निफ्टी भी 380 अंक से ज्यादा गिरकर 23,061.15 तक फिसल गया।
खास बात यह रही कि सेंसेक्स में शामिल सभी 30 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। बजाज फाइनेंस के शेयर में 6 फीसदी से ज्यादा की गिरावट रही, जबकि एक्सिस बैंक का शेयर 5 फीसदी से ज्यादा टूट गया। बैंक और NBFC शेयरों में बिकवाली का दबाव बाजार पर साफ दिखाई दिया।
अमेरिका की बॉन्ड यील्ड और क्रूड ने बढ़ाई चिंता
अमेरिका में 10 साल की ट्रेजरी बॉन्ड यील्ड 2007 के बाद के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई। 10 साल की यील्ड 13.89 बेसिस प्वाइंट बढ़कर 5.106 फीसदी हो गई। वहीं 2 साल की ट्रेजरी यील्ड भी कुछ समय के लिए 4.9 फीसदी के पार चली गई और मई 2024 के बाद के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई।
दूसरी ओर, कच्चे तेल की कीमत फिर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार चली गई। क्रूड करीब 102 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंचा, जबकि बुधवार को यह 99 डॉलर से नीचे था। ईरान और अमेरिका के बीच तनाव और युद्ध को खत्म करने के तरीकों को लेकर मतभेद बने रहने से कच्चे तेल की कीमतों को लेकर बाजार में चिंता बढ़ी है।
कमजोर ग्लोबल मार्केट, VIX में उछाल से बढ़ी घबराहट
भारतीय बाजार पर कमजोर वैश्विक संकेतों का भी असर पड़ा। पिछले कारोबारी सत्र में अमेरिकी शेयर बाजार में गिरावट रही। मजबूत अमेरिकी बिजनेस एक्टिविटी के आंकड़ों से यह आशंका बढ़ी है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व ब्याज दरों को लेकर सख्त रुख बनाए रख सकता है। एशियाई बाजारों में भी हांगकांग का हैंगसेंग 0.5 फीसदी और शंघाई कंपोजिट 0.4 फीसदी नीचे रहा।
इस बीच भारत में India VIX 21 फीसदी से ज्यादा उछलकर 12.56 पर पहुंच गया, जो बाजार में बढ़ती अस्थिरता और निवेशकों की सतर्कता को दर्शाता है। डॉलर के मुकाबले रुपया भी कमजोर हुआ और 11 पैसे टूटकर 95.84 रुपये प्रति डॉलर पर पहुंच गया। इन सभी संकेतों ने मिलकर गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार पर दबाव बढ़ा दिया।
Also Read : लोन के साथ बीमा लेना जरूरी नहीं होगा, कमीशन और मिस-सेलिंग पर IRDAI कसेगा शिकंजा

