आगरा में धर्म परिवर्तन गैंग का खुलासा, प्रार्थना सभा की आड़ में जुटाते थे लोग, 4 गिरफ्तार
Agra Religious Conversion Case: आगरा के सैंया थाना क्षेत्र में कथित धर्मांतरण नेटवर्क का मामला सामने आया है। पुलिस ने जोधापुरा गांव में एक सभा के दौरान चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि बीमारी, आर्थिक और पारिवारिक परेशानियां दूर करने का दावा कर लोगों को सभाओं से जोड़ा जाता था और धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जाता था। पुलिस के मुताबिक, जांच में नेटवर्क के दूसरे राज्यों तक संपर्क के संकेत भी मिले हैं।
डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार के मुताबिक, 23 सितंबर को सूचना मिली थी कि जोधापुरा में जन्मदिन के बहाने लोगों को इकट्ठा किया जा रहा है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार लोगों को पकड़ा। इनमें जयपुर के विनीत वेदी, धौलपुर के बंटू उर्फ डोंगर सिंह, खेरागढ़ के मखराज और सैंया के प्रताप सिंह शामिल हैं।
बीमारी और आर्थिक मदद का दिया जाता था भरोसा
पुलिस की जांच के अनुसार, कथित नेटवर्क पहले स्वास्थ्य, आर्थिक और पारिवारिक समस्याओं से परेशान लोगों से संपर्क करता था। इसके बाद प्रार्थना और सहायता के जरिए उन्हें धार्मिक सभाओं से जोड़ने का आरोप है।
जांच में सोशल मीडिया ग्रुप के जरिए नए लोगों को जोड़ने के लक्ष्य और दिशा-निर्देश दिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, एक ग्रुप में 200 से ज्यादा लोग जुड़े होने की जानकारी मिली है, जिनमें करीब 50 लोग आगरा के बताए जा रहे हैं।
पुलिस सभाओं की संख्या और नए लोगों को जोड़ने के आधार पर आर्थिक सहायता दिए जाने के आरोपों की भी जांच कर रही है। दस्तावेज में 67,250 रुपये की एक प्रविष्टि मिलने की बात सामने आई है।
पांच राज्यों तक नेटवर्क की जांच
पुलिस अब कथित नेटवर्क की फंडिंग, प्रशिक्षण और दूसरे लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। Zoom, Signal और IMO जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, नेटवर्क के उत्तर प्रदेश के अलावा राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार और पंजाब तक जुड़े होने के संकेत मिले हैं। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि फंडिंग कहां से आती थी और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: दलित युवती ने लगाया जबरन दुष्कर्म व धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप, मलिहाबाद पुलिस बेखबर

