लखनऊ में 10 साल की बच्ची से रेप की कोशिश, पहले भी करता था पीछा और अश्लील हरकतें

Lucknow Crime: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के जानकीपुरम इलाके में 10 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि 22 सितंबर 2026 की शाम आरोपी नीरज ने मंदिर से मां के साथ घर लौट रही बच्ची को रास्ते में रोककर अपने घर के अंदर खींच लिया। बच्ची की मां ने विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की।

मां के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। भीड़ को आता देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। पीड़िता की मां की शिकायत पर जानकीपुरम पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

मंदिर से लौटते वक्त बच्ची को घर में खींचने का आरोप

पीड़िता की मां के मुताबिक, वह 22 सितंबर की शाम करीब 5 बजे अपनी 10 वर्षीय बेटी के साथ हनुमान मंदिर गई थीं। दर्शन के बाद दोनों घर लौट रही थीं। इसी दौरान घर के सामने आरोपी नीरज ने बच्ची का हाथ पकड़ लिया और कथित तौर पर उसे जबरन अपने घर में खींच ले गया।

आरोप है कि आरोपी ने बच्ची के साथ अश्लील हरकत की और दुष्कर्म की कोशिश की। मां ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उन्हें भी घर के अंदर खींच लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और मां-बेटी को वहां से बाहर निकाला।

पीड़िता की मां ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी पहले से उनकी बेटी का पीछा करता था और उसके सामने अश्लील हरकतें करता था।

POCSO समेत कई धाराओं में केस

घटना के बाद परिवार ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। जानकीपुरम इंस्पेक्टर के मुताबिक, शिकायत के आधार पर आरोपी नीरज के खिलाफ छेड़छाड़, POCSO Act, मारपीट और धमकी देने की धाराओं में FIR दर्ज की गई है।

बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और उसका बयान दर्ज करने की कार्रवाई भी चल रही है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Also Read: दलित युवती ने लगाया जबरन दुष्कर्म व धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप, मलिहाबाद पुलिस बेखबर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.