अब बिहार के बांका में लड़की से छेड़छाड़ का नया वीडियो वायरल, 6 पर FIR दर्ज
Banka Girl Harassment Video: बिहार के बांका के प्रसिद्ध मंदार पर्वत (Mandar Parvat) से युवती के साथ छेड़छाड़ का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। वीडियो में कुछ युवक युवती के साथ अभद्र व्यवहार करते दिख रहे हैं। एक युवक उसका हाथ मरोड़ता नजर आ रहा है।
सबसे ज्यादा चर्चा वीडियो में इस्तेमाल गाने की लाइन को लेकर है। युवकों ने ‘करेंगे गुंडागर्दी, क्या कर लेगी सरकारी वर्दी’ गाने पर Reel बनाकर इसे सोशल मीडिया पर शेयर किया था। वीडियो में 3 सितंबर की तारीख दिखाई दे रही है, यानी यह करीब 21 दिन पुराना है।
वीडियो वायरल होने पर पुलिस की कार्रवाई
बौंसी थाना अध्यक्ष पंकज कुमार झा के मुताबिक, पुलिस को यह वीडियो 22 सितंबर को सोशल मीडिया सेल के जरिए WhatsApp पर मिला। अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम मंदार पर्वत पहुंची और वीडियो का सत्यापन किया। जांच में वीडियो की लोकेशन मंदार पर्वत की ही पाई गई।
इसके बाद पुलिस ने छह अज्ञात युवकों के खिलाफ FIR दर्ज की। फिलहाल वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी चल रही है।
BNS और IT Act की धाराओं में केस
पुलिस ने बौंसी थाने में BNS की धारा 74, 75, 76, 3(5) और IT Act 2000 की धारा 66E व 67A के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।
मंदार पर्वत जैसे पर्यटन स्थल पर इस तरह का वीडियो (Banka Girl Harassment Video) सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे हैं।
Also Read: जमुई के बाद अब समस्तीपुर में नाबालिग लड़की से दिनदहाड़े बदसलूकी, वायरल वीडियो से हड़कंप

