जमुई के बाद अब समस्तीपुर में नाबालिग लड़की से दिनदहाड़े बदसलूकी, वायरल वीडियो से हड़कंप
Samastipur Girl Harassment Viral Video: बिहार के जमुई की घटना के कुछ ही दिनों बाद समस्तीपुर से भी नाबालिग लड़की के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। घटना का करीब 56 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। मामला सामने आने के बाद समस्तीपुर के एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि की है।
यह घटना 23 सितंबर की बताई जा रही है। पूरा मामला कर्पूरी ग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव के बांध का है। जानकारी के मुताबिक, एक नाबालिग लड़का और लड़की बाइक से बांध पर पहुंचे थे और वहां आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने दोनों को घेर लिया।
पहले लड़के से मारपीट, फिर लड़की से बदसलूकी
आरोप है कि युवकों ने पहले नाबालिग लड़के के साथ मारपीट की। इसके बाद वह वहां से भाग गया। लड़के के जाने के बाद युवकों ने नाबालिग लड़की के साथ दुर्व्यवहार किया।
वायरल वीडियो (Samastipur Girl Harassment Viral Video) में लड़की लगातार युवकों की हरकत का विरोध करती नजर आ रही है। आरोप है कि युवक उससे उसका पता पूछते रहे। लड़की ने अपने साथ आए नाबालिग लड़के को भाई बताया, जिसके बाद भी युवकों ने उसके साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।
घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे वाकये को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
वीडियो से आरोपियों की पहचान
एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। थाना पुलिस को एफआईआर (FIR) दर्ज करने का निर्देश भी दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
देखें वीडियो…
Also Read: जमुई कांड पर तगड़ी कार्रवाई, वीडियो वायरल करने वाले 120 सोशल मीडिया अकाउंट पर FIR, 3 गिरफ्तार

