श्री हरि मंदिर में बरेली के राजा गणपति बप्पा का हुआ भव्य विसर्जन
Bareilly News: नाथ नगरी बरेली स्थित श्री हरि मंदिर में स्थापित ‘बरेली मॉडल टाऊन के राजा’ श्री गणेश का अनंत चतुर्दशी के पावन पर्व पर ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच अत्यंत धूमधाम से विसर्जन संपन्न हुआ। 14 सितंबर को स्थापित बप्पा की इस प्रतिमा का 25 सितंबर को मंदिर प्रांगण में परिक्रमा कराकर भव्य विसर्जन किया गया। पहली बार स्थापित हुए ‘बरेली के राजा’ के विसर्जन के दौरान पूरा मंदिर परिसर ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा।
गणपति महाराज की महाआरती और विशेष पूजन
विसर्जन अनुष्ठान से पूर्व मुख्य यजमान मनीष धवन एवं पूनम धवन ने गणपति जी महाराज की विधिवत महाआरती की। इस अवसर पर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष सुशील अरोड़ा, सचिव रवि छाबड़ा, गोविंद तनेजा, अतुल कपूर, राजा अरोरा, रोहन, राकेश, पंकज सहित महिला मंडल की अध्यक्ष रेनू छाबड़ा, उपाध्यक्ष कंचन अरोड़ा और सीमा तनेजा ने भी बप्पा की आरती उतारकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

फूलों की वर्षा और भजनों से भक्तिमय हुआ वातावरण
मंदिर प्रबंध समिति के सचिव रवि छाबड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री हरि मंदिर में पहली बार बरेली मॉडल टाऊन के राजा श्री गणेश जी महाराज की स्थापना की गई थी। उत्सव के दौरान प्रतिदिन श्री हरि संकीर्तन मंडल के माध्यम से श्रद्धालुओं ने भजनों द्वारा बप्पा के दरबार में हाजिरी लगाई। विसर्जन दिवस पर मंदिर प्रांगण में एक दिव्य और भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिस पर भक्तों ने जमकर पुष्पवर्षा की। इस दौरान उपस्थित सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसादम का वितरण भी किया गया।
गणपति विसर्जन के इस पावन अवसर पर मंदिर कमेटी व शहर के कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे। इनमें राजेश सेठ, विनोद भाटिया, मनोज अरोरा, विशाल मेहरोत्रा, डॉ. केएम अरोरा, संजय वाधवा, राजेश अरोरा के अलावा नीलम साहनी, विमल सोंधी, नेहा आनंद, इशिका अरोरा और निशा लख्यानी सहित भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: बृजभूषण शरण सिंह के बरी होने पर महिला पहलवानों ने राऊज एवेन्यू कोर्ट में दी चुनौती

