यूपी में बारिश से तबाही के बीच CM योगी का सख्त निर्देश, फील्ड में उतरें अधिकारी

UP News: उत्तर प्रदेश में पिछले 48 घंटे से ज्यादा समय से जारी बारिश और तेज हवाओं ने कई जिलों में भारी नुकसान पहुंचाया है। खेतों में खड़ी धान की फसल बर्बाद हुई है, जबकि कई जगह मकान भी गिर गए। राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने रविवार को प्रभावित जिलों के डीएम और एडीएम से बात कर राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा की।

पिछले 60 घंटों में अतिवृष्टि और आंधी-तूफान से 56 लोगों की मौत, 107 पशुहानि और 1021 मकान क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। इसके अलावा 46 लोग घायल हुए हैं। सबसे ज्यादा जनहानि सीतापुर में 7, जबकि लखीमपुर खीरी, बहराइच और बलरामपुर में 5-5 हुई है।

सामान्य से 775% ज्यादा बारिश

25 से 27 सितंबर की सुबह तक प्रदेश में 66.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य वर्षा 7.6 मिमी है। यानी बारिश सामान्य से 775 प्रतिशत अधिक रही। 75 में से 56 जिलों में अत्यधिक बारिश दर्ज हुई। फर्रूखाबाद में सामान्य से 7385%, कन्नौज में 5664% और शाहजहांपुर में 4408% अधिक बारिश हुई।

मकान क्षति में हरदोई में 272, सीतापुर में 108, चंदौली में 75 और औरैया में 60 मकान प्रभावित हुए हैं।

फसल नुकसान का सर्वे, राहत पर जोर

राहत आयुक्त ने अधिकारियों को फसल क्षति का तत्काल सर्वे कर नियमानुसार मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं। क्षतिग्रस्त मकानों के परिवारों को जरूरत के अनुसार वैकल्पिक आवास और पात्र लोगों को आवास योजना का लाभ देने को कहा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राहत कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

बाढ़ और जलभराव वाले इलाकों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की गई है। आपातकालीन मदद के लिए राहत आयुक्त कार्यालय की हेल्पलाइन 1070 पर संपर्क किया जा सकता है।

Also Read: कानपुर में नकली रेबीज वैक्सीन का खुलासा, बिलों की जांच में सामने आया बड़ा फर्जीवाड़ा 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.