साल में 13 बार रिचार्ज से मिलेगी मुक्ति, TRAI के नए फैसले पर बोले राघव चड्ढा- सरकार ने मानी मेरी मांग

Raghav Chaddha On TRAI New Rules: प्रीपेड मोबाइल यूजर्स के लिए टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) ने नए नियम जारी किए हैं। 22 सितंबर 2026 को जारी Telecom Consumers Protection (13th Amendment) Regulations, 2026 के तहत कंपनियों को डेटा के बिना सिर्फ कॉल और SMS वाले ज्यादा विकल्प देने होंगे।  

TRAI के मुताबिक ऐसे वॉयस-SMS स्पेशल टैरिफ वाउचर (STV) उन अलग-अलग वैलिडिटी के लिए उपलब्ध कराने होंगे, जिनमें कंपनियां वॉयस, SMS और डेटा वाले प्लान देती हैं। इनमें 30 दिन या उससे कम अवधि, हर महीने एक ही तारीख पर रिन्यू होने वाला प्लान और कम से कम एक लंबी अवधि वाला विकल्प शामिल होगा।  

सिर्फ जरूरत के हिसाब से रिचार्ज

नए नियम उन लोगों के लिए खास तौर पर उपयोगी हो सकते हैं जिन्हें मोबाइल पर इंटरनेट डेटा की जरूरत नहीं है। TRAI की जानकारी के अनुसार वॉयस-SMS ओनली पैक में डेटा शामिल नहीं होगा। ऐसे प्लान की वैलिडिटी 365 दिन तक हो सकती है।  

इससे सिर्फ कॉलिंग करने वाले यूजर्स, बुजुर्गों, फीचर फोन इस्तेमाल करने वालों और अतिरिक्त सिम रखने वाले ग्राहकों को अपनी जरूरत के हिसाब से प्लान चुनने का विकल्प मिलेगा।

राघव चड्ढा ने संसद में उठाया था मुद्दा

AAP के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने X पर कहा कि उन्होंने 11 मार्च 2026 को संसद में प्रीपेड ग्राहकों का मुद्दा उठाया था। उन्होंने 28 दिन की वैलिडिटी और साल में 13 रिचार्ज की समस्या का जिक्र किया था। चड्ढा ने दावा किया कि सरकार और TRAI ने उनकी मांगें स्वीकार की हैं। हालांकि, TRAI खुद मोबाइल टैरिफ की कीमत तय नहीं करता। कंपनियां बाजार परिस्थितियों के अनुसार टैरिफ तय करती हैं। 

Also Read: अखिलेश यादव ने सीएम योगी पर कसा तंज, बोले- सैफई से सीख लेते तो गोरखपुर में यह हाल न होता  

Get real time updates directly on you device, subscribe now.