मऊ: शादी वाले घर में मातम, टेंट लगाते समय हाईटेंशन तार की चपेट में आने से 3 की मौत
Mau News: मऊ के दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के डोमनपुरा इस्लामाबाद मोहल्ले में शादी की तैयारियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब घर की छत पर टेंट लगाते समय तीन लोग हाईटेंशन बिजली के तार (High Tension Wire) की चपेट में आ गए। हादसे में घर के एक सदस्य समेत दो टेंट कर्मचारियों की मौत हो गई।
सीओ सिटी नीतीश कुमार के मुताबिक, एक मंजिला मकान की छत पर शादी समारोह के लिए टेंट लगाया जा रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में दो मजदूर और घर का एक सदस्य आ गए। करंट लगने से तीनों गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
तीन मौतों से शादी वाले घर में मचा कोहराम
हादसे में घर के सदस्य महमूद और टेंट लगाने वाले कर्मचारी इरफान तथा कामिल की जान चली गई। घटना की खबर मिलते ही शादी वाले घर में चीख-पुकार मच गई। कुछ ही देर में आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
एक साथ तीन लोगों की मौत से पूरे इलाके में भी सनसनी फैल गई। जिस घर में शादी की खुशियां मनाने की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक मातम पसर गया।
पुलिस और अधिकारियों ने किया मौके का निरीक्षण
सूचना मिलते ही दक्षिण टोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ सिटी नीतीश कुमार के साथ सिटी मजिस्ट्रेट ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से जानकारी ली और हर संभव मदद का भरोसा दिया।
पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों और टेंट लगाते समय बरती गई सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर रही है। घटना ने रिहायशी इलाकों में मकानों के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तारों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।
Also Read: सीतापुर में सरकारी जमीन हड़पने की साजिश का खुलासा, पेशकार समेत 4 पर FIR

