पूर्व IAS दिव्या मित्तल ने खत्म किया सस्पेंस, UP की राजनीति में करेंगी एंट्री, बनाएंगी खुद की पार्टी
Formar IAS Divya Mittal: पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने आखिरकार अपने अगले कदम को लेकर चल रहा सस्पेंस खत्म कर दिया है। 13 साल की प्रशासनिक सेवा छोड़ने के बाद अब वह राजनीति में उतरेंगी। मंगलवार को जारी अपने वीडियो संदेश में उन्होंने उत्तर प्रदेश से अपनी राजनीतिक पारी शुरू करने और किसी स्थापित दल में शामिल होने के बजाय स्वतंत्र राजनीतिक मंच बनाने की बात कही।
दिव्या मित्तल (Divya Mittal) ने लोगों से सीधे जुड़ने की अपील भी की है। उन्होंने कहा कि अगर लोगों को लगता है कि उनकी बात उनकी अपनी आवाज है, तो वे दिए गए WhatsApp नंबर पर संदेश भेज सकते हैं। इससे संकेत मिलता है कि उनकी शुरुआती रणनीति में जनसंवाद और डिजिटल माध्यम अहम रहेंगे।
29 सितंबर को खुला सस्पेंस
दिव्या मित्तल ने कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया था कि वह 29 सितंबर की सुबह अपने अगले कदम का ऐलान करेंगी। इसके बाद राजनीति, कोचिंग, किताब लिखने या विदेश लौटने जैसे विकल्पों को लेकर चर्चाएं तेज थीं।
अब उन्होंने राजनीति का रास्ता चुन लिया है। उन्होंने साफ किया कि उनकी शुरुआत यूपी से होगी। हालांकि संगठन का विस्तृत स्वरूप, विचारधारा, सदस्यता अभियान और चुनावी रणनीति को लेकर तस्वीर आगे के ऐलान में साफ होगी।
13 साल की IAS सेवा के बाद नई पारी
2013 बैच की IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने 30 अगस्त को इस्तीफा देने की घोषणा की थी। उनका इस्तीफा 15 सितंबर 2026 से प्रभावी हुआ। उन्होंने प्रशासनिक सेवा में रहते हुए मीरजापुर, संतकबीरनगर और देवरियासमेत कई जिलों में काम किया।
मीरजापुर के लहुरियादह गांव में पाइप के जरिए पानी पहुंचाने की पहल से उन्हें खास पहचान मिली। उन्होंने IIT दिल्ली और IIM बेंगलुरु से पढ़ाई की है। प्रशासनिक सेवा के दौरान Divya Mittal मेरठ में संयुक्त मजिस्ट्रेट, गौतमबुद्ध नगर में CDO, यूपीसीडा में संयुक्त प्रबंध निदेशक और बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष जैसे पदों पर भी रह चुकी हैं।
अब 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव (UP Chunav) से पहले दिव्या मित्तल की राजनीतिक एंट्री राज्य की राजनीति में एक नया घटनाक्रम है।
Also Read: मायावती के सीधे हमले के बाद चंद्रशेखर का पलटवार, बोले- ‘सम्मान आज भी है… आशीर्वाद चाहिए’

