मेरठ नीला ड्रम हत्याकांड में मुस्कान को क्या मिलेगी सजा? कल आएगा कोर्ट का फैसला
Meerut Blue Drum Case: मेरठ के चर्चित नीला ड्रम हत्याकांड में बुधवार, 30 सितंबर को अदालत का फैसला आ सकता है। ब्रह्मपुरी क्षेत्र के सौरभ राजपूत हत्याकांड में जिला जज अरविंद कुमार मिश्रा की अदालत में अभियोजन, वादी और बचाव पक्ष की अंतिम बहस पूरी हो चुकी है। इसके बाद कोर्ट ने फैसला सुनाने की तारीख तय की है।
मामले में सौरभ की पत्नी मुस्कान रस्तोगी उर्फ सोभी और उसके सहपाठी रहे साहिल शुक्ला आरोपी हैं। दोनों फिलहाल जेल में हैं। करीब 13 महीने चली सुनवाई के दौरान 126 पेशियां हुईं और 22 गवाहों के बयान दर्ज किए गए।
नीले ड्रम में मिला था शव
पुलिस और अभियोजन के मुताबिक, मुस्कान ने 2016 में सौरभ से प्रेम विवाह किया था। 2019 में उनकी एक बेटी हुई। इसी दौरान मुस्कान की मुलाकात साहिल से हुई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। सौरभ मर्चेंट नेवी की नौकरी छोड़कर लंदन चले गए थे।
आरोप है कि उनके लौटने के बाद मुस्कान और साहिल ने उनकी हत्या की। इसके बाद शव के टुकड़े कर उन्हें एक बड़े नीले ड्रम में रखा गया और सीमेंट से बंद कर दिया गया। मामला मार्च 2025 में सामने आया था। पुलिस ने 19 मार्च को दोनों को गिरफ्तार किया था।
22 गवाहों के बाद मुकदमा फैसले के करीब
मामले में अभियोजन की ओर से डीजीसी क्रिमिनल केके चौबे और वादी की ओर से अधिवक्ता विजय बहादुर सिंह ने पक्ष रखा। बचाव पक्ष की बहस 17 सितंबर को पूरी हुई। अब अदालत के फैसले का इंतजार है।
Also Read: Bareilly News: गोकशी और हत्या के प्रयास में वांछित चल रहे दो सगे भाई गिरफ्तार

