Bareilly News: गोकशी और हत्या के प्रयास में वांछित चल रहे दो सगे भाई गिरफ्तार
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद अंतर्गत फतेहगंज पश्चिमी थाना पुलिस को गोकशी और जानलेवा हमले (हत्या के प्रयास) के मामले में फरार चल रहे दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। पुलिस टीम ने रबर फैक्टरी कॉलोनी के पीछे झाड़ियों के पास खंडहर बने मकान से दोनों वांछित अभियुक्तों को दबोच लिया। पकड़े गए अभियुक्त सगे भाई हैं, जिनके पास से एक अवैध तमंचा, कारतूस, छुरी और रस्सी बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, गत 7 अगस्त 2026 को टेम्पो (UP25JT6536) में अवैध रूप से गोवंश लादकर ले जाने और विरोध करने वालों पर जान से मारने की नीयत से टेम्पो चढ़ाने का मामला सामने आया था। इस संबंध में फतेहगंज पश्चिमी थाने में गोवध निवारण अधिनियम और बीएनएस (BNS) की धारा 109 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना में शामिल मुनत्याज अली और ज्ञानसू को पुलिस पूर्व में ही जेल भेज चुकी है। विवेचना के दौरान राहुल और उसके भाई सचिन का नाम प्रकाश में आया था, तब से दोनों फरार चल रहे थे।
पुलिस की पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे दिल्ली में समरसेबिल और चाट का काम करते हैं। जब भी गांव आते थे, तो मुनत्याज अली के साथ मिलकर पैसों के लालच में गोवंश पकड़कर बेचने का काम करते थे। 7 अगस्त को भी धनेटा फाटक के पास से वे लोग पशु लाद रहे थे, लेकिन गोरक्षकों के आने पर दोनों भाई भाग निकले थे। मंगलवार को भी वे मवेशी पकड़ने की नीयत से रबर फैक्टरी के पास अपने साथी का इंतजार कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
आरोपी राहुल का लंबा है आपराधिक इतिहास
पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान राहुल (24 वर्ष) और सचिन (20 वर्ष), पुत्रगण यादराम, निवासी ग्राम पैगानगरी उर्फ नल नगरिया, थाना मीरगंज (बरेली) के रूप में हुई है। आरोपी राहुल के खिलाफ आर्म्स एक्ट, पॉक्सो एक्ट, गोवध अधिनियम और बीएनएस की संगीन धाराओं में पहले से करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने तमंचा बरामद होने पर राहुल के खिलाफ आर्म्स एक्ट का नया मामला दर्ज कर दोनों को न्यायालय में पेश कर दिया है।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: Bareilly News: अफीम के साथ हिस्ट्रीशीटर चढ़ा पुलिस के हत्थे

