बृजभूषण शरण सिंह के बयान से गर्माई यूपी की सियासत, बोले- अखिलेश के बिना सब सूना

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में INDIA गठबंधन के भीतर सीटों के बंटवारे को लेकर जारी खींचतान के बीच भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के एक बयान ने राज्य के राजनीतिक पारे को चढ़ा दिया है। मीडिया द्वारा जब कांग्रेस की ओर से कम से कम 150 सीटों पर चुनाव लड़ने के दावों पर सवाल पूछा गया, तो बृजभूषण शरण सिंह ने दो टूक कहा कि अखिलेश के बिना सब सूना है। पूर्व बीजेपी सांसद के इस बयान को अखिलेश यादव की अप्रत्यक्ष सराहना के रूप में देखा जा रहा है।

अखिलेश की दूरी और बैठक का गणित

यह बयान ऐसे समय में आया है जब दिल्ली में INDIA गठबंधन की सीट शेयरिंग को लेकर अहम बैठक हो रही है। बैठक में कांग्रेस की तरफ से राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे जैसे शीर्ष नेता शामिल हैं, लेकिन अखिलेश यादव ने खुद जाने के बजाय अपनी पार्टी के प्रतिनिधि को भेजा है। अखिलेश के बैठक से दूरी बनाने और सपा-कांग्रेस के बीच बार-बार सीटों को लेकर आमने-सामने आने से गठबंधन के भविष्य पर सवाल उठने लगे हैं।

बृजभूषण के बयान से सियासी हलचल

बृजभूषण शरण सिंह पहले भी साक्षात्कार में कह चुके हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव में अखिलेश मुख्य मुकाबले में हैं। अब उनके इस नए बयान से सियासी गलियारों में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। एक तरफ जहां कांग्रेस और सपा के बीच सीटों के तालमेल को लेकर पेंच फंसा हुआ है, वहीं दूसरी तरफ बीजेपी के पूर्व सांसद का अखिलेश के पक्ष में यह बयान गठबंधन की आंतरिक खींचतान को और हवा दे रहा है।

Also Read: Rise and Fall 2: शहजाद पूनावाला की अधूरी मोहब्बत का किस्सा, बोले- शादी होती तो उसी से करता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.