शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ के विमल इलायची विज्ञापन केस में फैसला जल्द, FDA ने पूरी की सुनवाई
Bollywood News: बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ से जुड़े विमल इलायची विज्ञापन मामले में जल्द फैसला आ सकता है।
महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने तीनों अभिनेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। अब महाराष्ट्र FDA के कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने मामले में नया अपडेट दिया है।
तुकाराम मुंढे के मुताबिक, तीनों अभिनेताओं ने FDA के नोटिस का जवाब दे दिया है। इनमें से दो अभिनेताओं ने सुनवाई की मांग की थी।
असिस्टेंट कमिश्नर स्तर पर दोनों की सुनवाई भी पूरी हो चुकी है। अब प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम फैसले का इंतजार है।
FDA की ओर से अगस्त में जारी नोटिस में महाराष्ट्र में गुटखा और पान मसाला पर लागू प्रतिबंध का हवाला दिया गया था।
विभाग ने इलायची के नाम पर प्रतिबंधित उत्पादों के कथित छद्म प्रचार को लेकर स्पष्टीकरण मांगा था।

विज्ञापन की जिम्मेदारी निर्माता पर होने का तर्क
रिपोर्ट्स के मुताबिक, नोटिस के जवाब में संबंधित पक्षों की ओर से यह तर्क दिया गया कि विज्ञापन की पूरी जिम्मेदारी निर्माता की थी।
हालांकि, इस मामले में FDA का अंतिम फैसला अभी सामने नहीं आया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी कर चुकी हैं अपील
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह के दौरान लोकप्रिय कलाकारों से स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने वाले उत्पादों का विज्ञापन नहीं करने की अपील की थी।
उन्होंने कहा था कि सितारों को समाज में सकारात्मक संदेश देने चाहिए।
तुकाराम मुंढे ने भी इस मुद्दे पर कहा था कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और व्यावसायिक हितों से ज्यादा महत्व जनता के स्वास्थ्य का है।
अब इस मामले में FDA के अंतिम फैसले पर नजर है।

