‘जनता साइकिल ऐसा पंचर करेगी कि वो सैफई में दिखेगी’, केशव बोले- गरीबों की मजबूती PM की मजबूती
Keshav Prasad Maurya: लखनऊ के विश्वेश्वरैया सभागार में बुधवार को बांस से जुड़े समाज का महासम्मेलन हुआ। इसमें डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी शामिल हुए। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी चुनाव की तैयारी कर रही है, लेकिन इस बार जनता उसकी साइकिल को ऐसा पंचर करेगी कि वह सीधे सैफई में नजर आएगी। ऐसी ही टिप्पणी वह हाल के दिनों में भी कर चुके हैं।
केशव मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मजबूती देश के गरीबों की मजबूती है। उन्होंने लोगों से केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ लेने और पात्र लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने की अपील की।
बांस के काम और रोजगार पर चर्चा
सम्मेलन में धरकार, बसोड़, वेन बंशी और बांसफोड़ समेत बांस से जुड़े समाज के लोग शामिल हुए। इसमें उनकी आर्थिक और सामाजिक स्थिति, रोजगार, बांस की खेती और कच्चे माल की उपलब्धता पर चर्चा हुई। पारंपरिक काम में आ रही समस्याओं को भी सामने रखा गया।
डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकारी योजनाओं की जानकारी स्मार्टफोन से हासिल की जा सकती है। उन्होंने मुख्यमंत्री आवास योजना, शौचालय, मुफ्त गैस कनेक्शन, आयुष्मान भारत, सौभाग्य योजना और मुफ्त राशन का जिक्र किया। आवास योजना के तहत 90 दिन की मजदूरी मिलने की भी बात कही।
भ्रष्टाचार की शिकायत करने की अपील
केशव मौर्य ने कहा कि ब्लॉक या तहसील में योजना का लाभ दिलाने के नाम पर गड़बड़ी हो तो शिकायत करें। उन्होंने पढ़े-लिखे लोगों से जरूरतमंदों को योजनाओं की जानकारी देने को कहा। साथ ही मुफ्त राशन, शिक्षा और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के जरिए कौशल विकास और स्वरोजगार से जुड़ने की अपील की।
Also Read: बदायूं में शादी से मुकरा सिपाही, फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी से परेशान युवती ने दी जान

