लखनऊ में सस्ता घर पाने का मौका, 9 लाख में 1BHK और 35 लाख में 2BHK फ्लैट
LDA Housing Scheme: लखनऊ के मोहन रोड स्थित एलडीए की अनंत नगर योजना में आम लोगों के लिए किफायती घर का विकल्प तैयार हो रहा है। योजना के अदिति अपार्टमेंट में अलग-अलग आय वर्ग के लिए कुल 1392 फ्लैट बनाए जा रहे हैं। इनमें 980 फ्लैट 2BHK अफोर्डेबल श्रेणी के होंगे। इनकी कीमत करीब 35 लाख रुपये रखी गई है। इन फ्लैट के लिए 2 अक्टूबर से पंजीकरण शुरू होगा।
एलडीए अधिकारियों के मुताबिक, इन आवासों की कीमत इस तरह रखी गई है कि आम लोग भी अपना घर खरीद सकें। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने भी अनंत नगर में किफायती फ्लैट तैयार किए जाने की जानकारी दी है।
PMAY 2.0 के तहत 412 घर
अदिति अपार्टमेंट में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत 1BHK के 412 फ्लैट भी बनाए जा रहे हैं। इनकी कीमत करीब 9 लाख रुपये होगी। इससे कम आय वर्ग के लोगों को कम कीमत में घर लेने का विकल्प मिलेगा। एक ही अपार्टमेंट में अलग-अलग आय वर्ग के लिए आवास उपलब्ध कराने की तैयारी है।
वरुण विहार-नैमिष नगर में प्लॉट पर जरूरी जानकारी
एलडीए की वरुण विहार और नैमिष नगर योजनाओं में प्लॉट के लिए भी तेजी से पंजीकरण हो रहा है। यहां आवेदकों को एकमुश्त या किश्तों में भुगतान का विकल्प दिया गया है। एलडीए के मुताबिक, पहले एकमुश्त भुगतान वालों को भूखंड आवंटित होंगे। इसके बाद प्लॉट बचने पर किश्त वाले आवेदकों के लिए लॉटरी होगी। अधिकारियों के अनुसार 80% से अधिक आवेदक एकमुश्त भुगतान चुन रहे हैं। ऐसे में किश्त वाले कई आवेदकों को लॉटरी का मौका नहीं मिल सकता है।
Also Read; फडणवीस ने CJP को बताया ‘कांग्रेस जिताओ प्रोग्राम’, बोले- BJP का विरोध कीजिए, भारत का नहीं

