अखिलेश ने दिव्‍या मित्‍तल को सपा जॉइन करने का दिया ऑफर, बोले- ‘हरा-लाल गमछा डाल लें’

Akhilesh Yadav Divya Mittal SP Offer: पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल के राजनीति में आने के ऐलान के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में चर्चा तेज हो गई है। इसी बीच समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें सपा (SP) में शामिल होने का खुला संकेत दिया है। बुधवार को लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान दिव्या मित्तल से जुड़े सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा, “अब उन्हें तय करना पड़ेगा। हरा और लाल गमछा डाल लें।”

अखिलेश यादव का यह बयान ऐसे समय आया है जब दिव्या मित्तल ने एक दिन पहले ही साफ किया था कि वह राजनीति में कदम रखेंगी, लेकिन फिलहाल किसी राजनीतिक दल से नहीं जुड़ेंगी। उन्होंने कहा था कि वह लोगों के साथ सीधे संवाद कर स्वतंत्र राजनीतिक मंच तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ेंगी।

9 मिनट के वीडियो से किया था सियासी ऐलान

2013 बैच की IAS अधिकारी रहीं Divya Mittal ने 29 सितंबर को करीब 9 मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर जारी कर राजनीति में आने का ऐलान किया था। उन्होंने उत्तर प्रदेश को अपनी “कर्मभूमि” बताते हुए शिक्षा, रोजगार, पेपर लीक और आम लोगों की समस्याओं जैसे मुद्दों पर काम करने की बात कही थी। साथ ही उन्होंने किसी मौजूदा राजनीतिक दल में शामिल होने से इनकार किया था।

दिव्या मित्तल के ऐलान के बाद अलग-अलग राजनीतिक दलों की ओर से प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय (Ajay Rai) ने कुछ दिन पहले कहा था कि कांग्रेस अच्छे लोगों का स्वागत करती है और राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के संपर्क में कई अधिकारी हैं जो उनके विचारों से प्रभावित हैं।

वहीं, यूपी सरकार के मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर (Om Prakash Rajbhar) ने भी दिव्या मित्तल के राजनीति में आने पर टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि IAS बनना आसान है, लेकिन विधायक बनना कठिन है, क्योंकि विधायक को जनता के बीच रहकर उनकी समस्याएं सुननी और उनके लिए काम करना पड़ता है।

दिव्या मित्तल (Divya Mittal) के स्वतंत्र राजनीति के ऐलान और अब अखिलेश यादव के सपा में आने के संकेत के बाद उनके अगले सियासी कदम को लेकर चर्चा और तेज हो गई है। हालांकि, अभी दिव्या मित्तल की ओर से सपा में शामिल होने को लेकर कोई घोषणा नहीं हुई है।

Also Read: बृजभूषण के ‘अखिलेश बिना सब सूना’ बयान पर बोले सपा प्रमुख, ‘संबंध उनसे बहुत अच्छे हैं’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.