ट्रंप से PM मोदी की अहम बातचीत, व्यापार-रक्षा और ऊर्जा समेत इन मुद्दों पर हुई चर्चा

Sansesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने 30 सितंबर को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) से फोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका संबंधों (India-US Relations) से जुड़े प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि बातचीत में व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और महत्वपूर्ण तकनीक समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देश अपनी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए करीबी संपर्क बनाए रखने पर सहमत हुए। बातचीत में क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों के साथ विश्व शांति और सुरक्षा को बढ़ावा देने के प्रयासों पर भी विचार-विमर्श हुआ।

 

व्यापार और रणनीतिक सहयोग पर फोकस

मोदी और ट्रंप के बीच बातचीत ऐसे समय हुई है, जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापार, रक्षा और रणनीतिक तकनीक के क्षेत्रों में सहयोग लगातार चर्चा में है। जून 2026 में दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान भी व्यापार, ऊर्जा, रक्षा और तकनीक में सहयोग की प्रगति की समीक्षा हुई थी और द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया था।

जयशंकर के बयान के एक दिन बाद बातचीत

मोदी-ट्रंप (Modi-Trump)की बातचीत से एक दिन पहले विदेश मंत्री एस जयशंकर (S. Jaishankar) ने न्यूयॉर्क में एशिया सोसाइटी के कार्यक्रम में भारत की विदेश नीति और बदलते वैश्विक समीकरणों पर बात की थी। कार्यक्रम में पूर्व अमेरिकी सहायक विदेश मंत्री डैनियल रसेल भी मौजूद थे।

जयशंकर ने कहा कि पहले अमेरिका की अपेक्षा थी कि भारत अपने कूटनीतिक विकल्प सीमित रखे और मुख्य रूप से वॉशिंगटन के साथ संबंधों पर ध्यान दे। उन्होंने कहा कि उस दौर में अमेरिका खुद अपने विकल्प खुले रखता था, जबकि भारत से सीमित विकल्प रखने की अपेक्षा की जाती थी।

जयशंकर के मुताबिक अब यह स्थिति बदल रही है। भारत समेत कई देश अलग-अलग साझेदारों के साथ संबंध बढ़ा रहे हैं और अपने रणनीतिक विकल्प सीमित नहीं कर रहे हैं। उन्होंने इसे बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था की ओर बढ़ते बदलाव से जोड़ते हुए कहा कि मौजूदा दौर में कोई एक देश दूसरे से केवल उसी के साथ जुड़े रहने की उम्मीद नहीं कर सकता।

Also Read: अमित शाह का बड़ा ऐलान, 2029 तक पंजाब को पूरी तरह चिट्टा मुक्त बनाएगी बीजेपी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.