लखीमपुर में घर-घर पहुंच रहा साफ पानी, जल निगम की टीम ने गांव पहुंचकर लोगों से लिया फीडबैक
Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी में जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण इलाकों में लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने की कवायद जारी है। इसी क्रम में विकासखंड नकहा की ग्राम पंचायत चाऊपुर में जल निगम ग्रामीण की टीम ने पानी की टंकी और जलापूर्ति व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। टीम ने ग्रामीणों से बातचीत कर योजना के तहत मिल रहे पानी का फीडबैक भी लिया।
ग्रामीणों ने बताया, नियमित मिल रहा पानी
ग्रामीणों ने टीम को बताया कि योजना के तहत बिछाई गई पाइपलाइन के जरिए उनके घरों तक नियमित और साफ पानी पहुंच रहा है। इससे उन्हें दूर-दराज से पानी लाने की परेशानी से राहत मिली है। घर पर जलापूर्ति शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
जल संरक्षण को लेकर किया जागरूक
चाऊपुर में ग्रामीणों को योजना के प्रति जागरूक करने के लिए अधिशासी अभियंता मनोज कुमार मौर्य की अध्यक्षता में जल अर्पण और जन चौपाल का आयोजन भी किया गया। उन्होंने ग्रामीणों को पानी की उपयोगिता, गुणवत्ता और संरक्षण के महत्व की जानकारी दी।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि योजना के तहत पानी की टंकी, पाइपलाइन और जरूरी पंपिंग व्यवस्था विकसित की गई है। जलापूर्ति के साथ पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच भी की जाएगी।
बाढ़ प्रभावित लखीमपुर खीरी के कई इलाकों में भूजल की गुणवत्ता को लेकर समस्याएं रही हैं। ऐसे में घर-घर सुरक्षित पेयजल पहुंचाने की पहल को ग्रामीणों ने स्वास्थ्य और जीवन स्तर में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
मौके पर अधिशासी अभियंता मनोज कुमार मौर्य, सहायक अभियंता सौरभ कुमार, जूनियर इंजीनियर रूमान परवेज, ग्राम प्रधान, जल समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
रिपोर्ट : कौशलेंद्र शुक्ला
Also Read: लखीमपुर में बारिश बनी आफत, शौचालय की दीवार गिरने से महिला की मौत, अधिकारियों ने लिया जायजा

