UP में फिर बढ़ेगी दिव्यांग पेंशन, CM योगी का बड़ा ऐलान, लाखों लाभार्थियों को मिलेगा फायदा
UP Divyang Pension Hike 2026: उत्तर प्रदेश में दिव्यांगजन पेंशन पाने वाले लाखों लोगों के लिए बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने पेंशन की राशि और लाभार्थियों का दायरा बढ़ाने का ऐलान किया है। गोरखपुर में कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बताया कि प्रदेश में दिव्यांग पेंशन पहले 300 रुपये प्रतिमाह थी, जिसे बढ़ाकर 500 और फिर 1000 रुपये किया गया। अब इसमें एक बार फिर बढ़ोतरी की तैयारी है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई पात्र बुजुर्ग, निराश्रित महिला या दिव्यांगजन सामाजिक सुरक्षा पेंशन से वंचित न रहे। फिलहाल इन श्रेणियों के करीब 1.10 करोड़ लोगों को सालाना 12 हजार रुपये की पेंशन सुविधा मिल रही है।
18 मंडलों में खुलेंगे पुनर्वास केंद्र
दिव्यांगजनों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रदेश के सभी 18 मंडलों में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। गोरखपुर के सीतापुर आई हॉस्पिटल परिसर में केंद्र की शुरुआत हो चुकी है। इसके साथ ही दृष्टिबाधित और मूकबधिर बच्चों के लिए राजकीय विद्यालयों, मनोविकास केंद्रों और कौशल विकास केंद्रों की सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है। कम उम्र के बच्चों के लिए बचपन डे केयर सेंटर का भी विस्तार किया जाएगा।
हर विधानसभा में लगेंगे विशेष शिविर
वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इनका मकसद ऐसे दिव्यांगजनों को पेंशन और दूसरी सरकारी योजनाओं से जोड़ना है, जो अब तक लाभ से बाहर रह गए हैं। प्रदेश में 17 लाख से अधिक दिव्यांगजनों की डिजिटल पहचान यानी यूडीआईडी कार्ड (UDID Card) बनाए जा चुके हैं।
दिव्यांगजनों के लिए कॉक्लियर इंप्लांट में छह लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता और स्पीच थेरेपी में सहयोग की व्यवस्था भी है। दिव्यांग युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री युवा, पीएम स्वनिधि, पीएम मुद्रा, पीएम विश्वकर्मा और अन्य योजनाओं से भी जोड़ा जा रहा है।
Also Read: सहारा रिफंड में 18.47 लाख जमाकर्ताओं का अंतर, RTI आंकड़ों ने उठाए सवाल

