कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 62.50 रुपये हुआ महंगा, रसोई गैस के रेट में कोई बदलाव नहीं
Sandesh Wahak Digital Desk: सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल व ऊर्जा की बढ़ती कीमतों के असर के कारण 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 62.50 रुपये का इजाफा कर दिया है। इस नई बढ़ोतरी के साथ ही राजधानी दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़कर 2,810 रुपये हो गई है। राहत की बात यह है कि आम जनता के रसोई बजट को प्रभावित करने वाले 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की दरें 942 रुपये पर स्थिर बनी हुई हैं।
विमान ईंधन की दरों में भी बड़ा इजाफा
कमर्शियल गैस के साथ-साथ एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी विमान ईंधन (ATF) की कीमतों में भी 16 रुपये प्रति लीटर का उछाल दर्ज किया गया है। इसके बाद घरेलू एयरलाइंस के लिए एटीएफ का रेट 121 रुपये से बढ़कर 137 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। चूंकि एयरलाइन कंपनियों के कुल परिचालन खर्च में ईंधन की हिस्सेदारी लगभग 40 फीसदी होती है, ऐसे में एटीएफ की दरों में बढ़ोतरी से हवाई यात्रा के किराए पर असर पड़ सकता है।
तेल कंपनियों द्वारा हर महीने की पहली तारीख को एटीएफ और एलपीजी की दरों की समीक्षा की जाती है। वैश्विक आपूर्ति व्यवधानों, अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क दरों में उतार-चढ़ाव और डॉलर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर को ध्यान में रखते हुए यह मासिक संशोधन किया गया है। दूसरी ओर, पेट्रोल और डीजल के दामों में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
Also Read: पीएम मोदी और अमेरिकी डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर व्यापार व वैश्विक सुरक्षा पर हुई चर्चा

