रेलवे ALP भर्ती में 3500 वैकेंसी बढ़ीं, अब 14627 पदों पर होगी असिस्टेंट लोको पायलट भर्ती
RRB ALP Recruitment 2026: रेलवे में असिस्टेंट लोको पायलट (ALP) बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने ALP भर्ती में 3,500 अतिरिक्त पद जोड़ने का फैसला किया है। इससे कुल रिक्तियों की संख्या 11,127 से बढ़कर 14,627 हो गई है।
रेलवे ने पहले 11,127 पदों के लिए सेंट्रलाइज्ड एंप्लॉयमेंट नोटिस जारी किया था। पदों की समीक्षा के बाद सक्षम प्राधिकारी ने अतिरिक्त पद शामिल करने की मंजूरी दी है। RRB पटना पूर्व मध्य रेलवे (ECR) के अंतर्गत आता है। यहां भी पदों की संख्या बढ़ाई गई है।
ECR को मिले 500 अतिरिक्त पद
अतिरिक्त पदों का जोनवार बंटवारा भी किया गया है। पूर्व तट रेलवे को 450, ECR को 500, दक्षिण मध्य रेलवे को 700, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को 200, दक्षिण पूर्व रेलवे को 790, मेट्रो रेलवे को 360 और पश्चिम रेलवे को 500 पद मिले हैं।
मेट्रो रेलवे का इंडेंट दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) की ओर से रखा जाएगा। रेलवे ने जोनल रेलवे को अतिरिक्त इंडेंट तय समय में पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं।
इन तारीखों में पूरी होगी प्रक्रिया
इंडेंटिंग यूनिट को 30 सितंबर से 1 अक्टूबर, PCPO को 5 अक्टूबर, RRB को 6 अक्टूबर और नोडल RRB को 7 अक्टूबर तक प्रक्रिया पूरी करनी होगी। अंतिम रिक्तियों की विस्तृत जानकारी जल्द आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
बिहार के अभ्यर्थियों को भी बढ़ी सीटों से फायदा मिल सकता है। राज्य से RRB परीक्षाओं में 10 लाख से अधिक उम्मीदवार आवेदन करते हैं और वे देश के अलग-अलग रेलवे बोर्ड में भी आवेदन करते हैं।

